अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर झामुमो और कांग्रेस ने केंद्र सरकार को घेरा
झामुमो ने चिंता जतायी- केंद्र सरकार के केंद्रीय सुरक्षा बल आकर पार्टी कार्यालय पर बमबारी न कर दें
रांची। अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर झामुमो कैंप कार्यालय में शनिवार को पार्टी के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य एवं कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की ने साझा प्रेस कांफ्रेंस कर भाजपा और केंद्र सरकार को घेरा। इस दौरान दोनों नेताओं ने भाजपा और केंद्र सरकार पर जम कर जुबानी हमला किया। केंद्र सरकार पर संविधान के विरुद्ध कार्य करने का आरोप लगाया। कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की ने कहा कि देश में सरकार कानून और संविधान से चलता है, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार में इसकी तिलांजलि दे दी गयी है।
हाल ही में पूर्व सीएम हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी इसका उदाहरण है, और ऐसी ही घटना दिल्ली में घटी है। अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार कर लिया गया है। पीएम मोदी और भाजपा क्या कर रही है, किसी से छुपा नहीं है। 2024 में इंडी गठबंधन की सरकार बनती है, तो कितने लोग इनके जेल जायेंगे, यह कह पाना मुश्किल है। एक चुनी हुई सरकार के साथ इस तरह का व्यवहार कहीं से ठीक नहीं है। यह बिल्कुल तानाशाह की तरह काम कर रही है। देश की जनता को अब समझने की जरूरत है। ऐसी सरकार से देश नहीं चलता है। आनेवाले समय में भाजपा को राज्य की जनता औकात दिखा देगी।
केंद्र सरकार ने पूरे तरीके से देश को रसातल में पहुंचने का मार्ग प्रशस्त किया है। सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि इलेक्टोरल बांड हो या फिर अकाउंट फ्रीज होने की बात हो, यह सीधे तौर पर राजनीतिक पार्टियों के फंड पर डाका डालने का प्रयास किया जा रहा है। जिस प्रकार से लगातार देश के संविधान पर हमला हो रहा है, इसे लेकर हमारी मांग है कि उच्च न्यायालय और राष्ट्रपति संज्ञान लें। निर्वाचन आयोग को निर्देशित करें, ताकि देश में निष्पक्ष और सुरक्षित चुनाव हो सके।
उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन को जिस मामले में गिरफ्तार किया गया है, वह भुइहरी जमीन खरीद का मामला है, यह मनी ट्रेडिंग में आता भी नहीं है। इलेक्टोरल बांड से मनी ट्रेडिंग हुआ है। इस पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि कहीं किसी रात को पता चला कि केंद्र सरकार के जितने भी केंद्रीय सुरक्षा बल हैं, वे आकर पार्टी कार्यालय पर बमबारी न कर दें। और जो भी दस्तावेज है, पार्टी के कागज हैं, वे एक साथ खत्म कर दें।