रांची। राज्य में गर्मी की दस्तक पड़ चुकी है। मौसम में बदलाव के साथ ही तापमान में वृद्धि दर्ज की जा रही है, जिससे लोगों को भी गर्मी का एहसास हो रहा है। वहीं मौसम विज्ञान केंद्र ने भी इसे लेकर जानकारी दी है। केंद्र ने बताया है कि आने वाले दिनों में तापमान में वृद्धि दर्ज की जायेगी। आने वाले दो दिनों तक तापमान में किसी तरह का बदलाव नहीं दर्ज किया जायेगा, लेकिन इसके बाद तापमान में चार डिग्री तक की वृद्धि दर्ज की जायेगी। यह वृद्धि राज्य के अधिकतम तापमान में होगी।
इससे लोगों को अधिक गर्मी का एहसास होगा। केंद्र ने बताया है कि आने वाले 10 से 12 मार्च तक राज्य का मौसम साफ रहेगा। इस दौरान दिन के समय धूप रहेगी, जिससे लोगों को अधिक गर्मी का एहसास होगा। 12 से 15 मार्च तक राज्य के कुछ हिस्सों में आंशिक बादल छाये रहेंगे, जिससे लोगों को राहत मिल सकती है। तापमान की बात करें तो आने वाले दिनों में राज्य का अधिकतम तापमान 32 डिग्री तक पहुंच जायेगा। वहीं, न्यूनतम तापमान 18 डिग्री तक रहेगा। राजधानी रांची की बात करें तो 12 मार्च तक यहां का मौसम साफ रहेगा, जबकि 13 से 15 मार्च तक राजधानी समेत आसपास के जिलों में आंशिक बादल छाये रहेंगे।