लखनऊ । केन्द्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने मंगलवार को कहा कि अपरिवर्तनीय कही जाने वाली देश विघातक धारा 370 को खत्म करने का काम मोदी सरकार ने किया। इसलिए भाजपा को 370 सीटें जीतनी चाहिए और उसके साथी दलों को मिलकर 400 के पार लोकसभा में सदस्य होने चाहिए। यही मोदी सरकार की विश्वसनीयता होगी। मेघवाल विश्वेश्वरैया सभागार में भाजपा के शक्ति केन्द्र संयोजक एवं प्रभारी सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि 1951 में डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने एक आंदोलन किया और एक नारा दिया कि इस देश में दो विधान, दो प्रधान दो और दो निशान नहीं चलेंगे। इसके लिए उन्होंने अपना बलिदान भी दिया। तभी से जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाए जाने को हमने प्रमुखता से अपने एजेंडे में शामिल किया था। क्योंकि यह धारा न केवल एक राज्य में अलगाव का कारण थी बल्कि यह वहां के लोगों में भी भेदभाव करती थी और पिछड़ों-दलितों को उनके आ,रक्षण के अधिकारों से सहित अनेक सुविधाओं से वंचित रखे हुए थी। 2014 में केन्द्र में मोदी सरकार बनने के बाद 5 अगस्त 2019 का वह दिन भी आया जब धारा 370 धराशाही हो गई। हमने जो कहा वो किया।

अब बात हमारे आराध्य श्री रामजी की। हम नारा लगाते आए थे- राम लला हम आएंगे मंदिर वहीं बनाएंगे। हमारे विपक्षी दल बोलते थे कि तारीख नहीं बताएंगे। इस बार बता दी तारीख। 22 जनवरी, 2024 का दिन भी आया जब प्रभु श्री राम जी की भव्य प्राण प्रतिष्ठा भी हुई। यानी हमने जो कहा वह किया। अब लोग भी कहने लगे हैं- मोदी है तो मुमकिन है।

इधर उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में बहुत अच्छा वातावरण बना है। कभी बीमारू राज्यों में शामिल उत्तर प्रदेश आज एक ट्रिलियन डॉलर इकोनामिक का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ कहा है। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने राज्य में निवेश के लिए जो प्रयास किए हैं वह प्रदेश को आर्थिक मजबूती की पक्की गारंटी है।

केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि 2014 से इस देश में एक नयी सरकार चल रही है। यह सरकार एक सपना लेकर आई है कि भारत को विकसित भारत बनाएंगे। चुनाव तो बहुत हुए नारे भी खूब लगे लेकिन शायद ही कोई पार्टी ऐसी है जो विकसित भारत बनाने का संकल्प लेकर आई हो। छोटे से छोटे क्षेत्र में केंद्र की सरकार ने काम करके देश को आगे बढ़ाया है।

कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव में कार्यकर्ता मुख्य कड़ी होती है। भारतीय जनता पार्टी के सभी कार्यकर्ता बधाई के हकदार हैं और विशेष करके उत्तर प्रदेश के कार्यकर्ता ने 2014 में आपने एक निर्णायक बहुमत देकर करके केंद्र की सरकार बनाई । इसका सबसे बड़ा कारण अगर कोई है तो यह सामने बैठे हमारे कार्यकर्ता है जो शक्ति केंद्र प्रभारी हैं, बूथ प्रभारी हैं, मंडल प्रभारी हैं। कार्यकर्ताओं की संगठन संरचना उत्तर प्रदेश में बहुत अच्छी है।

कार्यक्रम में लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, लोकसभा चुनाव प्रभारी पूर्व मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा, उत्तर विधायक डॉ. नीरज बोरा, महापौर सुषमा खर्कवाल, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष त्र्यम्बक त्रिपाठी, विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा, मोहसिन रजा एवम पार्टी पदाधिकारियों समेत शक्ति केन्द्रों के संयोजक, प्रभारी व मोर्चा के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version