-भाजपा से मांडू के विधायक को नयी दिल्ली में झारखंड प्रभारी गुलाम अहमद मीर ने कांग्रेस की सदस्यता दिलायी

रांची/नयी दिल्ली। झारखंड के मांडू विधानसभा के विधायक और विधानसभा में भाजपा के सचेतक जय प्रकाश पटेल ने भाजपा छोड़ कर कांग्रेस का दामन थाम लिया। वह बुधवार को दिल्ली स्थिति कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी में शामिल हुए। झारखंड प्रभारी गुलाम अहमद मीर ने जेपी पटेल को कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करायी। इस दौरान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम, पवन खेड़ा मौजूद थे। जेपी पटेल के कांग्रेस में शामिल होने के बाद से झारखंड की राजनीति में एक बार फिर हलचल शुरू हो गयी है। संभावना जतायी जा रही है कि जेपी पटेल को कांग्रेस हजारीबाग से लोकसभा चुनाव में उतार सकती है।
जेपी पटेल गिरिडीह के पूर्व सांसद और मांडू से पांच बार विधायक रहे झामुमो नेता टेकलाल महतो के बेटे हैं। टेकलाल महतो के निधन के बाद मांडू विधानसभा सीट से जेपी विधायक चुने गये। उन्होंने 2019 विधानसभा चुनाव से पहले झामुमो छोड़ कर भाजपा का दामन थामा था। इस चुनाव में उन्होंने तीसरी बार मांडू विधानसभा से जीत हासिल की। वर्तमान में जेपी भाजपा के विधानसभा में मुख्य सचेतक भी थे। वह टुंडी विधानसभा से झामुमो विधायक मथुरा महतो के दामाद हैं। दिल्ली में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में कांग्रेस के झारखंड प्रभारी गुलाम अहमद मीर ने कहा कि मैं समझता हूं कि यह झारखंड की आने वाली राजनीति के लिए आज का प्रकरण बहुत महत्वपूर्ण है और हमारे लिए बहुत बड़ा संकेत है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version