चुनाव प्रचार अभियान की पूरी जिम्मेदारी संभालेंगी हेमंत सोरेन की पत्नी

गिरिडीह की गांडेय विधानसभा सीट से उतर सकती हैं चुनाव मैदान में

रांची। लोकसभा चुनाव की सरगर्मियों और बिछती बिसात के बीच झारखंड की सियासत में एक नाम पर अचानक से सबकी नजरें जा टिकी हैं। यह नाम है कल्पना सोरेन का, जो पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी और शिबू सोरेन की बहू हैं। हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी और मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे के एक महीने बाद कल्पना सोरेन की सार्वजनिक जीवन में धमाकेदार और भावुक इंट्री ने साफ कर दिया है कि झारखंड में सत्तारूढ़ महागठबंधन की कमान अब उनके हाथों में है।

कल्पना सोरेन ने पहली बार 4 मार्च को सार्वजनिक जीवन में इंट्री ली। गिरिडीह में झामुमो के स्थापना दिवस समारोह में आंसुओं से भींगे अपने संबोधन में उन्होंने लोगों के साथ जो संवाद किया, उसने आनेवाले दिनों की झलक दिखा दी। इसके बाद से कल्पना लगातार राजनीति में सक्रिय हैं और झामुमो के कई कार्यक्रमों में वह शामिल हो चुकी हंै। तीन दिन पहले राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के समापन के मौके पर मुंबई के ऐतिहासिक शिवाजी पार्क मैदान में आयोजित इंडी अलायंस की रैली में उन्होंने अपने भाषण से लोगों को खूब प्रभावित किया। अपने भाषण में कल्पना ने न केवल झारखंड की बात कही, बल्कि राष्ट्रीय स्तर के कई मुद्दों को भी उठाया। उनके भाषण की सराहना भी हुई। इसके अलावा झामुमो में भी उनकी सक्रियता बढ़ती जा रही है। संभावना जतायी जा रही है कि कल्पना सोरेन गांडेय विधानसभा सीट से चुनावी मुकाबले में उतर सकती हैं।

कल्पना सोरेन की सक्रियता और लोगों से कनेक्ट करने की उनकी क्षमता को देखते हुए यह संकेत मिल रहा है कि झारखंड में झामुमो ही नहीं, सत्तारूढ़ महागठबंधन के चुनाव प्रचार अभियान की कमान उनको सौंपी जा रही है। कल्पना सोरेन ने इसके लिए कमर कस ली है। कल्पना सोरेन ने बुधवार से गिरिडीह दौरे की शुरूआत की है। वह गांडेय भी जायेंगी। उन्होंने अपनी एक टीम बनायी है, जिसमें युवा नेताओं को जगह दी गयी है। ये पार्टी के कार्यकर्ता भी हैं बहुत सक्रिय हैं। कल्पना सोरेन का मानना है कि झारखंडी कभी समझौता नहीं करता। पूंजीपतियों और सामंतवादियों के खिलाफ लड़ते हुए हेमंत जी जेल चले गये वे झुके नहीं। वैसे भी हमारा आदिवासी समाज ने पीठ दिखा कर समझौता कर आगे बढ़ना नहीं सीखा है। वह संकेत दे रही हैं कि यह संघर्ष जारी रहेगा।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version