सरायकेला। आरआईटी थाना क्षेत्र समेत जमशेदपुर में कई संगीन अपराधों में शामिल कुख्यात अपराधी राजा सिंह उर्फ पगला को आरआईटी पुलिस ने एक हत्याकांड को अंजाम देने से पूर्व गिरफ्तार कर लिया है। कुख्यात अपराधी राजा सिंह 24 मार्च को रांची के रिम्स अस्पताल से फरार हो गया था।

 

आरआईटी पुलिस ने राजा सिंह के साथ एक अन्य आरोपित प्रकाश गोप उर्फ छोटू गोप को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों अपराधियों के पास से हथियार और गोली बारूद भी बरामद किया है। सरायकेला एसपी मनीष टोप्पो ने मंगलवार को आरआईटी थाना में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि कुख्यात अपराधी राजा सिंह हाल में आरआईटी थाना क्षेत्र में गोली चालन समेत अन्य कांडों में गिरफ्तार होने के बाद जेल गया था, जिसे जमशेदपुर के घाघाडीह जेल शिफ्ट किया गया था।

 

घाघाडीह जेल से इलाज के लिए उसे रांची रिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां से वह 24 मार्च को पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। फरार होने के बाद पुलिस ने उसे फिर गिरफ्तार कर लिया है। कुख्यात अपराधी राजा सिंह और गिरफ्त में आया प्रकाश गोप कई आपराधिक कांडों में शामिल रहे हैं। इनमें मुख्य रूप से राजा सिंह ने आरआईटी, जमशेदपुर के टेल्को को समेत अन्य थाना क्षेत्रों में हत्या जैसी बड़ी घटना को अंजाम दिया है। इसके अलावा इस पर रांची के बरियातू थाना में भी मामला दर्ज है।

 

एसपी ने बताया कि रिम्स से फरार राजा आरआईटी थाना क्षेत्र में किसी हत्याकांड को अंजाम देने वाला था। इससे पहले ही पुलिस ने उसे धर दबोचा है। पुलिस को आरोपित से कई जानकारियां दी हैं, जिस पर कार्रवाई की जा रही है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version