रांची। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो ) के हरमू स्थित कैंप कार्यालय में पार्टी के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य और कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की ने शनिवार को संयुक्त रुप से संवाददाता सम्मेलन किया। इस दौरान दोनों नेताओं ने भाजपा और केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की ने कहा कि केंद्र सरकार तानाशाही रवैया दिखा रही है। देश सरकार, कानून और संविधान से चलता है। हाल ही में पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी उसका उदाहरण है। ऐसी ही घटना दिल्ली में घटी है। अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा क्या कर रही है यह किसी से छुपा नहीं है। 2024 में आईएनडीआईए गठबंधन की सरकार बनती है, तो कितने लोग जेल जायेंगे यह कह पाना मुश्किल है। देश की जनता को अब समझने की जरूरत है। ऐसी सरकार से देश नहीं चलता है। आनेवाले समय में भाजपा को राज्य की जनता औकात दिखा देगी। केंद्र सरकार ने पूरे तरीके से देश को रसातल में पहुंचने का मार्ग प्रशस्त किया है।

झामुमो के महासचिव सह प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि इलेक्टरल बॉन्ड या फिर अकाउंट फ्रिज होने की बात हो रही है। यह सीधे तौर पर राजनीतिक पार्टियों के फंड पर डाका डालने का प्रयास किया जा रहा है। जिस प्रकार से लगातार देश के संविधान पर हमला हो रहा है इसे लेकर हमारी मांग है कि राष्ट्रपति संज्ञान लें।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version