रांची। पीएलएफआइ सुप्रीमो दिनेश गोप को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पलामू जेल से इलाज के लिए रिम्स लाया गया है। दिनेश गोप का इलाज रिम्स के ट्रामा सेंटर में होगा। हालांकि इसकी आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हो पायी है। उल्लेखनीय है कि दिनेश गोप के हाथ में चोट लगी थी, जिसके बाद उनका आॅपरेशन हुआ था। इस दौरान कुछ न्यूरो से संबंधित मामले भी सामने आये थे। सबसे पहले दिनेश गोप के बेहतर इलाज के लिए रिम्स मेडिकल बोर्ड ने देवघर एम्स भेजने की अनुशंसा की थी। राज्य सरकार की ओर से कोर्ट को बताया गया कि न्यूरो सर्जन रिम्स में उपलब्ध हैं। इसलिए रिम्स में दिनेश गोप का बेहतर इलाज संभव है।

इसके बाद हाइकोर्ट ने सरकार को दिनेश गोप को बेहतर इलाज के लिए रिम्स में शिफ्ट करने का निर्देश दिया था। साथ ही इसको लेकर उठाये गये कदम की जानकारी देने को भी कहा था। इस मामले में अगली सुनवाई 27 मार्च को होनी है।

रांची से पलामू जेल किया गया था शिफ्ट
बता दें कि झारखंड पुलिस और एनआइए की संयुक्त टीम ने दिनेश गोप को नेपाल से मई 2023 में गिरफ्तार किया था। इसके बाद उसे रांची जेल भेज दिया गया था। लेकिन बीते साल 16 सितंबर को उसे रांची से पलामू जेल में शिफ्ट कर दिया गया था। दरअसल दिनेश गोप रांची जेल में रहकर कारोबारियों से लेवी मांगने का काम कर रहा था। जिसके बाद जेल प्रशासन ने उसे दूसरे जेल में शिफ्ट करने का निर्णय लिया था।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version