देवघर। झारखंड के नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी सोमवार को दिल्ली से देवघर पहुंचे। दिल्ली से देवघर पहुंचने के बाद देवघर एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ-साथ उन्होंने भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की है।
उन्होंने कहा कि यह एक नियमित प्रक्रिया है, क्योंकि राज्य की समस्या को केंद्र तक पहुंचाने का मुख्य माध्यम झारखंड में विपक्ष है, क्योंकि सत्ताधारी दल कहीं न कहीं जनता की समस्याओं को केंद्र सरकार तक पहुंचाना ही नहीं चाहता है। उन्होंने झारखंड सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान सरकार सिर्फ राजनीति करने में लगी हुई है, जनता की समस्याओं से उन्हें कोई सरोकार नहीं है।
गिरिडीह की घटना पर बाबूलाल मरांडी ने कहा कि जब से हेमंत सोरेन की सरकार बनी है, तब से लगातार हिंदुओं पर हमले हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि गिरिडीह में जो लोग हाथ में रंग लेकर होली खेल रहे थे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है, लेकिन जो लोग पत्थरबाजी कर माहौल खराब कर रहे थे, उनके खिलाफ पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है।
उन्होंने कहा कि हिंदू समाज के लोग हाथ में रंग लेकर होली खेलना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें होली खेलने से रोक दिया। न सिर्फ उन्हें रोका गया, बल्कि उनके साथ मारपीट भी की गयी। इससे साफ पता चलता है कि हेमंत सरकार तुष्टिकरण की राजनीति में लगी हुई है। सरकार को झारखंड की जनता की कोई चिंता नहीं है, वे सिर्फ अपना वोट बैंक मजबूत करना चाहते हैं।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि जब तक झारखंड की मासूम जनता के साथ अन्याय होता रहेगा, तब तक भारतीय जनता पार्टी झारखंड की जनता के लिए आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि ऐसे पुलिस अधिकारियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाये, ताकि भविष्य में झारखंड की आम जनता के साथ कोई अन्याय न हो सके।
गिरिडीह में जो लोग हाथ में रंग लेकर होली खेल रहे थे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है : बाबूलाल मरांडी
Related Posts
Add A Comment