रांची। झारखंड बोर्ड 10वीं की हिंदी और विज्ञान विषय के प्रश्नपत्र लीक मामले में पुलिस ने 2 और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में प्रिंस कुमार (बघेयडीह, जमुआ, गिरिडीह) और प्रिंस राणा (मरकच्चो) शामिल हैं। प्रिंस कुमार को मधुपुर से और प्रिंस राणा को बेंगलुरु से गिरफ्तार किया गया। दोनों को शनिवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

जांच में सामने आया है कि प्रिंस राणा, जो मरकच्चो का निवासी है, “JAC अपडेट सर” नामक व्हाट्सएप ग्रुप का एडमिन था, जहां से प्रश्नपत्र लीक होकर वायरल हुआ था। राणा ने 350 रुपये के क्यूआर कोड से प्रश्नपत्र मंगाकर कई लोगों को बेचा। वहीं, जमुआ के प्रिंस कुमार की भी पेपर लीक में अहम भूमिका थी। पहले इसे चतरा निवासी बताया जा रहा था, लेकिन अब यह साफ हो चुका है कि वह जमुआ का निवासी है।

इससे पहले गिरिडीह के न्यू बरगंडा से पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जिनमें रोहित कुमार, मुकेश कुमार, लालमोहन कुमार, अंशु कुमार पांडेय, कृष्णा कुमार पांडेय और कमलेश कुमार शामिल थे। पूछताछ में यह खुलासा हुआ कि मास्टरमाइंड कमलेश और उसके साथी मुकेश ने गिरिडीह के स्ट्रांग रूम से प्रश्नपत्र लीक किया था। लीक किए गए पेपर को सबसे पहले कमलेश ने अपनी कथित प्रेमिका को भेजा और बाद में इसे पैसे लेकर अन्य लोगों को बेचा, जिससे यह वायरल हो गया।

कोडरमा के एसडीपीओ अनिल कुमार सिंह ने कहा कि पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर आगे की जांच जारी है। उन्होंने यह भी कहा कि जिन लोगों की भूमिका संदिग्ध पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version