काठमांडू। राजधानी काठमांडू के मूल निवासी कहे जाने वाले नेवार समुदाय के लोगों ने रंगों के त्योहार होली की औपचारिक शुरुआत शुक्रवार से कर दी है। बसंतपुर दरबार स्क्वायर में नेवार समुदाय के लोगों ने इकट्ठा होकर शुभ मुहूर्त पर रंगीन झंडा फहराने के साथ ही एक दूसरे को रंग और गुलाल लगाया।

फाल्गुन शुक्ल पक्ष की अष्टमी से शुरू होने वाला रंगों का त्योहार होली आज से शुरू होकर पूर्णिमा के दिन तक खेला जाता है। बसंतपुर में रहे हनुमान ढोका दरबार स्क्वायर पर नेवार समुदाय ने रंगीन बांस का झंडा फहराने के साथ ही इसकी शुरुआत कर दी है। नेपाल में यह परंपरा दरबार स्क्वायर के भीतर राजगद्दी बैठक के दक्षिण की ओर तीन स्तर वाले ध्वज के निर्माण के बाद शुरू होती है। आज शुभ मुहूर्त पर नेवार समुदाय के लोगों ने रंगीन झंडा फहराने के साथ ही एक दूसरे को रंग और गुलाल लगाकर होली की बधाई दी। शुक्रवार को दिन भर नेवार समुदाय के लोग एक दूसरे को रंग और गुलाल लगाकर इस पर्व का आनंद लेने वाले हैं।

नेवार समुदाय की बहुलता वाले क्षेत्र काठमांडू के बसंतपुर दरबार स्क्वायर के अलावा ललितपुर के कृष्ण मंदिर पाटन दरबार स्क्वायर और भक्तपुर दरबार स्क्वायर में भी इसी तरह का ध्वज फहरा कर होली की शुरुआत की जाती है। उधर, पशुपतिनाथ मंदिर में भी एक रंगीन ध्वज लगाया जाता है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version