रांची। राजधानी के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र स्थित रेस्टोरेंट में दिनदहाड़े हुई हत्याकांड के बाद झारखंड की डीजीपी तदाशा मिश्रा ने रांची पुलिस के आला अधिकारियों के साथ तत्काल बैठक बुलाई। इस बैठक में आईपीएस मनोज कौशिक, आईपीएस राकेश रंजन, सीटीएसपी और एयरपोर्ट थाना प्रभारी शामिल थे।
डीजीपी ने बैठक में कानून व्यवस्था को दुरुस्त करने के सख्त निर्देश दिए। गौरतलब है कि एयरपोर्ट इलाके में अपराधियों ने एक रेस्टोरेंट में घुसकर ताबड़तोड़ गोलीबारी की थी, जिसमें मनीष गोप नामक व्यक्ति की मौत हो गई। इस हत्याकांड के बाद रांची पुलिस पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
बताया जा रहा है कि होटल संचालक ने एयरपोर्ट थाने की पुलिस को दिसंबर माह में धमकी देने के मामले की जानकारी दी थी। इसके बावजूद पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसका नतीजा यह हुआ कि एक दिन पहले अपराधियों ने होटल में घुसकर होटल संचालक के चचेरे भाई की हत्या कर दी। डीजीपी ने पुलिस पदाधिकारियों को ऐसी घटनाओं पर रोकथाम के लिए ठोस कदम उठाने का निर्देश दिया है।



