पटना। पटना उच्च न्यायालय ने मोकामा से जदयू विधायक अनंत सिंह को दुलारचंद यादव हत्याकांड में बड़ी राहत देते हुए जमानत प्रदान कर दी है। जस्टिस आर.पी. मिश्रा की एकल पीठ ने गुरुवार को यह आदेश दिया, जिसके बाद अनंत सिंह के जेल से बाहर आने का रास्ता साफ हो गया है।
गौरतलब है कि जन सुराज पार्टी के समर्थक दुलारचंद यादव की हत्या के मामले में अनंत सिंह को 1 नवंबर की रात चुनाव प्रचार के दौरान गिरफ्तार किया गया था। अगले दिन उन्हें कोर्ट में पेश कर बेऊर जेल भेज दिया गया। करीब साढ़े चार महीने जेल में रहने के बाद अब उन्हें जमानत मिली है।
अनंत सिंह ने जेल से ही मोकामा विधानसभा सीट से जदयू उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा था और शानदार जीत हासिल की थी। वे पांचवीं बार विधायक बने हैं और ‘छोटे सरकार’ के नाम से भी जाने जाते हैं। जेल में रहते हुए ही उन्होंने विधायक पद की शपथ ली थी और हाल ही में राज्यसभा चुनाव में वोट भी डाला था। उम्मीद है कि जमानत के कागजात शुक्रवार या शनिवार तक जेल पहुंच जाएंगे, जिसके बाद अनंत सिंह जेल से बाहर आ सकेंगे।



