कोडरमा। चंदवारा थाना क्षेत्र के ढाब पांडेयबारा रोड पर गुरुवार सुबह एक ऑटो के अनियंत्रित होकर पलटने से उस पर सवार पांच प्रवासी मजदूर घायल हो गए। इनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना सुबह करीब 5 बजे की है। सभी मजदूर मुंबई से ट्रेन के जरिए कोडरमा स्टेशन पहुंचे थे और अपने गांव जाने के लिए ऑटो किराए पर लिया था। चंदवारा मस्जिद के पास ऑटो का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों की मदद की।

पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल, कोडरमा पहुंचाया। वहां दो घायलों कुनी भुइयां (35) तथा देवकी कुमार (35) की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों का सदर अस्पताल में इलाज जारी है। सभी मजदूर हजारीबाग जिले के चौपारण प्रखंड के रहने वाले हैं और मुंबई में काम करने के बाद अपने गांव लौट रहे थे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version