दुबियाखाड़ टोल पर गरमाई सियासत, मानिका विधायक का सांसद पर तीखा हमला विधानसभा में उठाया मुद्दा, फिर भी नहीं हुई पहल’
बरवाडीह। बरवाडीह प्रखंड क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देते हुए स्थानीय विधायक रामचंद्र सिंह ने तीन महत्वपूर्ण योजनाओं का शिलान्यास किया। इस दौरान क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखा गया और लोगों ने इन योजनाओं से क्षेत्र की तस्वीर बदलने की उम्मीद जताई।निर्धारित कार्यक्रम के तहत सुबह 9:00 बजे ग्राम पंचायत केचकी अंतर्गत बखौरीडेरा स्कूल से ओरंगा नदी तक पीसीसी पथ निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। इसके पश्चात 9:30 बजे सरईडीह स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र निर्माण कार्य की आधारशिला रखी गई। वहीं सुबह 10:00 बजे पंचायत मंगरा अंतर्गत मंगरा स्टेशन से स्कूल होते हुए कोयल नदी तक पीसीसी पथ निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया गया।विधायक रामचंद्र सिंह ने कहा कि इन योजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन और स्वास्थ्य सुविधाओं में काफी सहूलियत मिलेगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं, ताकि आम जनता को जल्द लाभ मिल सके।इस दौरान विधायक ने यह भी जानकारी दी कि बरवाडीह मण्डल रोड की प्रक्रिया अंतिम चरण में है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। साथ ही बरवाडीह बाजार से आदर्शनगर रोड तथा पोस्ट ऑफिस मुहल्ला से मंगरा तक सड़क निर्माण की भी सौगात क्षेत्रवासियों को जल्द मिलने वाली है, जिससे लोगों को बड़ी राहत मिलेगी और आवागमन और सुगम होगा।इधर, दुबियाखाड़ टोल मामले को लेकर जिले की सियासत भी तेज हो गई है। मानिका विधायक रामचंद्र सिंह ने इस मुद्दे पर सांसद पर तीखा निशाना साधते हुए कहा कि यह जनहित से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है, जिसे उन्होंने विधानसभा में जोरदार तरीके से उठाया है। इसके बावजूद सांसद द्वारा अब तक कोई ठोस पहल नहीं किया जाना चिंता का विषय है।विधायक ने कहा कि दुबियाखाड़ टोल की समस्या से आम जनता लंबे समय से परेशान है और लगातार शिकायतें मिल रही हैं।

उन्होंने कहा कि जनता को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, ऐसे में इस समस्या का शीघ्र समाधान किया जाना जरूरी है।उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनप्रतिनिधियों का दायित्व है कि वे जनता की समस्याओं को प्राथमिकता दें और उसके समाधान के लिए सक्रिय पहल करें। विधायक ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि जल्द समाधान की दिशा में पहल नहीं की गई, तो इस मुद्दे को और जोरदार तरीके से उठाया जाएगा, ताकि क्षेत्र की जनता को राहत मिल सके।इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य संतोषी शेखर, प्रखंड विकास पदाधिकारी रेशमा रेखा मिंज, अंचलाधिकारी लवकेश सिंह, एसडीपीओ भरत राम, थाना प्रभारी अनुराग कुमार, 20 सूत्री अध्यक्ष नसीम अंसारी, विधायक प्रतिनिधि प्रेम सिंह उर्फ पिंटू, अनिल सिंह, शिवानंद तिवारी उर्फ दिपू, रविंद्र कुमार, हेसामुल अंसारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version