बरवाडीह। बरवाडीह थाना क्षेत्र के अखरा गांव में शुक्रवार शाम को जमीनी विवाद ने अचानक खूनी रूप ले लिया। रमजान के पाक महीने में इफ्तार के समय के बाद शुरू हुआ जमीनी विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया।एक पक्ष ने जमकर लाठी-डंडे टांगी से भी हमला किया। जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और खून की होली खेली गई।इस घटना में पोखरी निवासी तिफुल अंसारी (55 वर्ष), पिता शरीफ मियां तथा उनके भाई एनामुल अंसारी (50 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि हमलावरों ने दोनों भाइयों पर टांगी से हमला कर दिया।जिससे उनके सिर और शरीर के कई हिस्सों में गहरी चोटें आईं।और सड़क पर गिर गया।घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरवाडीह पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार करते हुए दोनों के घावों पर करीब 9 टांके लगाए।
अस्पताल के चिकित्सा प्रभारी डॉ. मंटू कुमार की देखरेख में ड्रेसर दानिश अंसारी, जीएएनएम भावना कुमारी और एएनएम अनूपा नगेसिया ने घायलों का इलाज किया।डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद दोनों घायलों की स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए लातेहार सदर अस्पताल रेफर कर दिया।घायलों ने बताया कि वे दोनों भाई इफ्तार खोलकर जैसे ही अखरा की ओर पहुंचे, तो देखा कि उनकी जमीन पर कुछ लोग अवैध रूप से आरसीसी बाउंड्री वॉल का निर्माण कर रहे थे। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो दूसरे पक्ष के लोग अपना जमीन बताते हुए उग्र हो गए। आरोप है कि हमलावरों की संख्या अधिक थी और वे लाठी-डंडे व टांगी जैसे हथियारों से लैस थे। इसके बाद दोनों भाइयों पर हमला कर बेरहमी से मारपीट की गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।
शुक्रवार को यह विवाद अचानक भड़क उठा और देखते ही देखते मामला हिंसक झड़प में बदल गया। मारपीट के दौरान गांव में दहशत का माहौल बन गया।घटना की सूचना मिलते ही इलाके में तनाव फैल गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते ग्रामीणों ने बीच-बचाव नहीं किया होता तो घटना और भी गंभीर हो सकती थी।वहीं मामले की सूचना बरवाडीह थाना पुलिस को दे दी गई है। थाना प्रभारी अनुराग कुमार व पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी कर रही है। घटना के बाद से इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।



