रांची। झारखंड में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में बारिश और बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान कुछ इलाकों में तेज हवाएं और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है, जिससे लोगों को बढ़ती गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी।
मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य के पूर्वी हिस्से खासकर संताल परगना से लेकर कोल्हान प्रमंडल के जिलों में बादल छाए रह सकते हैं। इन क्षेत्रों में कई स्थानों पर गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ जगहों पर तेज हवा चलने के साथ वज्रपात की घटनाएं भी हो सकती हैं। राजधानी रांची में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा। शनिवार को शहर में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है और कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। वहीं रविवार को आसमान में बादल अधिक रहेंगे और हल्की बारिश के आसार बने हुए हैं।
इस बदलाव का असर धनबाद, बोकारो, रामगढ़, रांची, खूंटी, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम जिलों में भी देखने को मिल सकता है। संताल परगना क्षेत्र में सोमवार और मंगलवार को भी बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान हल्की बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को रांची समेत राज्य के कई इलाकों में दोपहर बाद आसमान में हल्के बादल दिखाई दिए। इसके बावजूद धूप की तपिश कम नहीं हुई और गर्मी महसूस की गई। रांची का अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले 24 घंटे की तुलना में करीब डेढ़ डिग्री अधिक है। राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान सरायकेला में 34.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का मानना है कि आने वाले दिनों में बादलों और बारिश के कारण तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिल सकती है।



