पटना। बिहार की राजनीति में एक अहम घटनाक्रम सामने आया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने औपचारिक रूप से जनता दल यूनाइटेड (JDU) की सदस्यता ग्रहण कर ली है। पटना में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पार्टी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा ने उन्हें सदस्यता दिलाई। इस मौके पर पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री भी मौजूद रहे, जिससे इस कार्यक्रम को राजनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर और राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह भी उपस्थित रहे। इसके अलावा बिहार सरकार के मंत्री और जेडीयू के वरिष्ठ नेता विजय चौधरी समेत पार्टी के कई प्रमुख पदाधिकारी कार्यक्रम में शामिल हुए। निशांत कुमार के राजनीति में सक्रिय प्रवेश को जेडीयू के लिए एक नई शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, सदस्यता लेने के बाद निशांत कुमार संगठन को मजबूत करने के लिए राज्यभर में सक्रिय भूमिका निभाने वाले हैं। बताया जा रहा है कि वे जल्द ही बिहार के लगभग सभी जिलों का दौरा करेंगे और कार्यकर्ताओं से संवाद कर संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की रणनीति बनाएंगे।
वहीं जेडीयू की हाल ही में हुई बैठक में निशांत कुमार को बिहार का उपमुख्यमंत्री बनाने पर भी चर्चा हुई है। जानकारी के अनुसार, सरकार में अहम पद संभालने के लिए उन्हें पहले विधानमंडल का सदस्य बनना होगा। इसी के तहत वे अप्रैल में होने वाले नौ सीटों के द्विवार्षिक चुनाव में विधान परिषद (MLC) के लिए उम्मीदवार बन सकते हैं।



