रांची। राजधानी रांची में साइबर अपराधियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है और खासकर महिलाएं इनके निशाने पर हैं। ताजा मामला बरियातू थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां साइबर ठगों ने सिलवंती बारला नामक महिला से 8 लाख रुपये की ठगी कर ली।
मिली जानकारी के अनुसार, साइबर अपराधियों ने महिला को वीडियो कॉल किया और खुद को किसी जांच एजेंसी का अधिकारी बताया। उन्होंने महिला को डराया-धमकाया और कानूनी कार्रवाई का भय दिखाकर पैसे ट्रांसफर कराने के लिए मजबूर कर दिया। डर के कारण महिला ने उनकी बातों में आकर 8 लाख रुपये दे दिए।
घटना के बाद महिला काफी घबरा गई और पूरे मामले की शिकायत साइबर थाना में दर्ज कराई। एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और मामले की तह तक जाने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि जिस नंबर से वीडियो कॉल किया गया था, वह फिलहाल स्विच ऑफ है। इससे आरोपियों का पता लगाने में मुश्किल हो रही है। हालांकि, साइबर थाना की टीम तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल या वीडियो कॉल पर अपनी निजी जानकारी साझा न करें और सतर्क रहें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।



