नालंदा: बिहार के नालंदा जिले में मंगलवार सुबह शीतला अष्टमी के अवसर पर शीतला माता मंदिर में भीषण भगदड़ मच गई, जिसमें 9 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 8 महिलाएं शामिल हैं, जिनकी भीड़ में दबने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक पुरुष ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। बाकी घायलों को इलाज के लिए मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद मंदिर परिसर और अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल रहा।
प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मंदिर और मेला को बंद करा दिया है तथा स्थिति को नियंत्रण में लाने के प्रयास जारी हैं। इस हादसे को लेकर केंद्र और राज्य सरकार की ओर मृतकों के परिजनों के लिए कुल 8 लाख रुपये मुआवजे का एलान किया है। केंद्र सरकार ने घायलों के लिए 50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की है, जबकि राज्य सरकार ने घायलों का पूरा इलाज कराने की घोषणा की है।
एक-दूसरे के ऊपर गिरे श्रद्धालु
घटना उस समय हुई जब चैत्र माह के आखिरी मंगलवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे थे। मौके पर मेला भी लगा था, जिससे भीड़ और बढ़ गई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भीड़ को नियंत्रित करने के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। दर्शन की जल्दी में धक्का-मुक्की शुरू हो गई और अफरातफरी के बीच कई लोग भीड़ में दब गए। हादसे में कई श्रद्धालु घायल भी हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद प्रशासन ने मंदिर और मेला दोनों को बंद करवा दिया है।
मृतकों की पहचान
मृतकों में से अब तक दो की पहचान हुई है। सकुन्त बिहार निवासी दिनेश रजक की पत्नी रीता देवी (50) और नूरसराय के मथुरापुर निवासी कमलेश प्रसाद की पत्नी रेखा देवी (45) की मौत हुई है। अन्य मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। रेखा देवी के पुत्र ने बताया कि उनकी मां मेला देखने गई थीं। “हजारों की भीड़ थी। सूचना मिलने पर हम पहुंचे और अस्पताल लाए, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।”
भीड़ के कारण मची भगदड़
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शीतलाष्टमी के अवसर पर सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी हुई थी। मंगला मेला के कारण भीड़ और बढ़ गई थी। इसी दौरान अचानक अफरा-तफरी मच गई और लोग एक-दूसरे पर गिरने लगे, जिससे भगदड़ की स्थिति बन गई। प्रशासन की लापरवाही के आरोपों के बीच स्थानीय लोगों ने बताया कि भीड़ नियंत्रण के कोई प्रभावी इंतजाम नहीं किए गए थे।
मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री ने किया मुआवजे का एलान
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शीतला मंदिर हादसे पर शोक जताया और मृतकों के लिए मुआवजे की घोषणा की। मृतकों को राज्य आपदा प्रबंधन विभाग से 4 लाख रुपये और मुख्यमंत्री राहत कोष से 2 लाख रुपये (कुल 6 लाख रुपये प्रति व्यक्ति) की सहायता राशि देने की घोषणा की है। केंद्र सरकार की ओर से भी 2 लाख रुपये का अतिरिक्त मुआवजा दिया जाएगा। घायलों के इलाज की पूरी जिम्मेदारी राज्य सरकार ने ली है। इस हादसे ने एक बार फिर धार्मिक स्थलों पर भीड़ प्रबंधन की कमी को उजागर किया है।

