पलामू। झारखंड के पलामू जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसने ईद की खुशियों को मातम में बदल दिया। हैदरनगर थाना क्षेत्र के गंजपर मोहल्ला निवासी 20 वर्षीय आरिफ की शनिवार रात काशी सोत डैम में डूबने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, आरिफ ईद की नमाज़ अदा करने के बाद अपने दोस्तों के साथ मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र स्थित काशी सोत डैम घूमने गया था।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि डैम के पास अचानक मधुमक्खियों का झुंड लोगों पर हमला कर दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान खुद को बचाने के लिए आरिफ घबराकर डैम में कूद गया। दुर्भाग्यवश, पानी गहरा होने के कारण वह बाहर नहीं निकल सका और डूब गया।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने युवक को पानी से बाहर निकालकर अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव को लेकर घर लौट आए।

इस हादसे की खबर मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। ईद का त्योहार गम में बदल गया और मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने आपदा प्रबंधन के तहत मुआवजा दिलाने के लिए पोस्टमार्टम कराने की सलाह दी, लेकिन परिजनों ने इससे इनकार कर दिया।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version