पूर्वी सिंहभूम। पूर्वी सिंहभूम जिले के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में हुई लाखों की चोरी का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर लिया है। बारीडीह स्थित ट्यूब कॉलोनी में हुई इस घटना में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से करीब 15 लाख रुपये मूल्य के जेवरात बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिरसानगर निवासी विक्की लोहार उर्फ बोंडा के रूप में हुई है।

रविवार को थाना प्रभारी फैज अहमद ने जानकारी देते हुए बताया कि ट्यूब कॉलोनी के क्वार्टर नंबर डीएस-49 में रहने वाले अभय कुमार 7 मार्च को अपने परिवार के साथ शहर से बाहर गए थे। 19 मार्च को जब वे वापस लौटे तो घर का ताला टूटा हुआ मिला और अंदर से गहने समेत कई कीमती सामान गायब थे। इसके बाद उन्होंने सिदगोड़ा थाना में चोरी की शिकायत दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्य और स्थानीय सूचना के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध विक्की लोहार को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।

इसके बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए गहनों को बरामद कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर लोगों का भरोसा बढ़ा है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version