रांची: मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि देश का पहला कैशलेस राज्य झारखंड होगा। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार ने बैंकों के साथ समन्वय कर राज्य में डिजिटल ट्रांजैक्शन को बढ़ावा दिया है। साथ ही आइटी अधिकारियों ने ग्रामीण क्षेत्र में प्रशिक्षण के जरिये लोगों को जागरूक किया। मुख्यमंत्री ने उक्त बातें शुक्रवार को डॉ भीमराव अंबेडकर की जयंती पर प्रोजेक्ट भवन में आयोजित डिजीधन मेला समापन समारोह में कहीं। सीएम ने खुशी जाहिर की कि साहेबगंज जिला पूर्ण रूप से डिजिटल हो चुका है। यहां की 12.5 लाख की आबादी डिजिटल ट्रांजैक्शन के जरिये लेन देन कर रही है, जिसमें से 44 हजार व्यापारी भी शामिल हैं। देश की अर्थव्यवस्था को सुधारने के लिए जनता ने भी सरकार का साथ दिया। कैशलेस म्ुाहिम में झारखंड ने अच्छा प्रदर्शन किया है। प्रधानमंत्री ने कैशलेस अभियान में बेहतर प्रदर्शन के लिए देश के जिन 5 जिलाधिकारियों को सम्मानित किया था, उनमें से दो झारखंड के बोकारो और जमशेदपुर के डीसी थे। यह झारखंड के लिए गर्व की बात है।
उन्होंने कहा कि डॉ भीमराव अंबेडकर की 126वीं जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भीम आधार की शुरुआत की है। यह देश को डिजिटल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगा। मुख्यमंत्री रघुवर दास समेत अन्य अतिथियों ने नागपुर से प्रधानमंत्री के लाइव प्रसारण को देखा।