दुमका: झारखंड विकास मोर्चा के अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा है कि साहेबगंज में गंगापुल उनका ड्रीम प्रोजेक्ट था। पांच महीने और वे सीएम रहते तो उसी वक्त टेंडर हो गया होता। वे नार्थ इस्ट को संथाल परगना से जोड़ना चाहते थे। इसलिए उस वक्त पुल के डिजाइन को भी उन्होंने एप्रूव किया था तथा इसके लिए गोविंदपुर-साहेबगंज पथ की परियोजना भी बनवायी थी। मरांडी ने गंगा नदी में बंदरगाह बनाये जाने को फिजूल कार्य बताया। कहा कि बंदरबांट के लिए बंदरगाह का निर्माण किया जा रहा है। मरांडी शनिवार को दुमका में पत्रकारों से बात कर रहे थे। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि बंदरगाह का यह प्रोजेक्ट सरवाइव नहीं करेगा। गंगा बिहार से बंगाल तक इतनी छिछली हो चुकी है और गहराई इतनी घट गयी है कि जलपोत इसमें चल ही नहीं पायेंगे। उन्होंने कहा कि यह बंदरगाह सिर्फ ठेकेदारी एवं बंदरबांट के लिए बन रहा है। मौके पर केंद्रीय समिति सदस्य छोटो मुर्मू एवं पिंटू अग्रवाल, जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह बिट्टू और अल्पसंख्यक मोर्चा के जमील अख्तर मौजूद थे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version