पाकुड़: लिट्टीपाड़ा उपचुनाव में झामुमो का जलवा बरकरार रहा। 1980 से लगातार इस सीट पर जीत का परचम लहरानेवाले झामुमो ने उपचुनाव में भी जीत का सिलसिला बरकरार रखा। झामुमो विधायक अनिल मुर्मू के निधन के बाद हुए उपचुनाव में भी झामुमो उम्मीदवार साइमन मरांडी ने जीत दर्ज की। जेएमएम के साइमन मरांडी ने बीजेपी के हेमलाल मुर्मू को 12,900 वोटों से हराया। साइमन को 65, 551 तो हेमलाल मुर्मू को 52,651 वोट मिले। इसके अलावा जेवीएम को 9208 वोट मिले। परिणाम आने के बाद रांची और पाकुड़ में जेएमएम समर्थक ढोल और नगाड़ों की धुनों पर थिरकते नजर आये।
पांच राउंड में भाजपा को ज्यादा वोट
20 राउंड तक हुई गिनती के दौरान दूसरे, तीसरे, दसवें, 13वें, 14वें राउंड में बीजेपी के उम्मीदवार को झामुमो के मुकाबले ज्यादा वोट मिले। उपचुनाव की पूरी मतगणना दोपहर बाद बेहद रोचक दौर में पहुंच गयी थी। शाम चार बजते-बजते एक बार फिर बाजी पलटती दिखी। अंतत: झामुमो उम्मीदवार साइमन मरांडी ने भाजपा उम्मीदवार हेमलाल मुर्मू को 12,900 वोटों के अंतर से हरा दिया। इधर शाम को 4.49 बजे काउंटिंग सेंटर में पंखे में शॉर्ट सर्किट से थोड़ी देर के लिए अफरा-तफरी मच गयी।
परंपरागत सीट पर सेेंध नहीं लगा सकी भाजपा
उपचुनाव के बहाने बीजेपी ने संथाल परगना इलाके में झामुमो के किले को भेदने के लिए एड़ी चोटी लगा रखी थी। झामुमो ने अपने सबसे बड़े हथियार शिबू सोरेन का भी अंतिम क्षणों में उपयोग किया। दिशोम गुरु के नाम से संथाल में प्रसिद्ध सोरेन ने गांवों में दौरा किया और लोगों को मोबिलाइज किया। भाजपा अंतत: इस सीट पर सेंधमारी नहीं कर सकी। बता दें 1980 से लेकर 2014 तक हुए असेंबली इलेक्शन में यह सीट झामुमो के कब्जे में रही है।

सरकारी संसाधनों का दुरुपयोग: हेमंत

झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने मुख्यमंत्री रघुवर दास से इस्तीफा मांगा। कहा कि मुख्यमंत्री को इस जनमत को देखते हुए पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। हेमंत सोरेन ने कहा कि इस उपचुनाव के दौरान सरकारी संसाधनों का खूब दुरुपयोग हुआ। कभी मंत्री अनाज बांटते दिखे, तो कभी पीएम मोबाइल बांटते दिखे।
उन्होंने कहा कि नौकरी प्राप्त नौजवानों को फिर से नियुक्ति पत्र भी बांटा गया।

सीएम रधुवर दास ने दी बधाई

मुख्यमंत्री रघुवर दास ने लिट्टीपाड़ा उप चुनाव में जीत पर झामुमो को बधाई दी है। उन्होंने लिट्टीपाड़ा की जनता और भाजपा कार्यकर्ताओं को धन्यवाद दिया है। कहा कि पिछले चुनाव की तुलना में भाजपा का वोट और वोट प्रतिशत दोनों बढ़ा है। चुनाव परिणाम जो भी हो, हम लिट्टीपाड़ा समेत पूरे संथाल के विकास के लिए वचनबद्ध हैं।

देश के सबसे पिछड़े इलाकों में शामिल लिट्टीपाड़ा को विकसित क्षेत्र में शामिल करके रहेंगे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version