रांची। मोमेंटम झारखंड की चौथी ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी देवघर के कुमैथा में 27 अप्रैल को होगी। इसमें 151 कंपनियां झारखंड में निवेश करेंगी। इन कंपनियों के माध्यम से 2700 करोड़ से अधिक का निवेश होगा और 10 हजार प्रत्यक्ष एवं 25 हजार परोक्ष रोजगार का सृजन होगा।
मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव एवं उद्योग सचिव सुनील कुमार वर्णवाल ने बताया कि मोमेंटम झारखंड के माध्यम से अब तक 8800 करोड़ से अधिक का निवेश हुआ है और इससे 60 हजार से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रूप से रोजगार एवं 1.75 लाख से अधिक रोजगार परोक्ष रूप से सृजित होंगे। मुख्यमंत्री रघुवर दास चौथी ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी का उद्घाटन करेंगे। साथ ही वह कुमैथा स्पोर्ट्स कांप्लेक्स का भी उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा डिस्ट्रिक लेबल बिजनेस रिफॉर्म एक्शन प्लान 2018 का विमोचन भी किया जायेगा। इसके माध्यम से जिला स्तर के अप्रूवल्स को भी सिंगल विंडो से जोड़ा जा रहा है।
संथाल के बहुरेंगे दिन: झारखंड में उद्योग को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार लगातार प्रयासरत है। पिछले फरवरी माह से लेकर अब तक राज्य सरकार लगभग सभी प्रमंडलों में औद्योगिकरण को लेकर ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी कर रही है। सबसे पहले रांची में दो दिनों तक निवेशकों को झारखंड में निवेश करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। झारखंड को इसका फायदा भी मिला।
कई देशी-विदेशी कंपनियां झारखंड में निवेश कर रही हैं। परिणाम से उत्साहित झारखंड सरकार ने दूसरा मोमेंटम झारखंड उद्योग नगरी जमशेदपुर में किया। जानकारी के अनुसार अब तक हुए तीन ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी में कई कंपनियां झारखंड में काम शुरू कर दी हैं। सरकार की मंशा है कि कृषि के साथ-साथ राज्य के हर क्षेत्र में उद्योग को बढ़ावा दिया जाये। यही वजह है कि झारखंड के सबसे पिछड़े प्रमंडल संथालपरगना में शुक्रवार को निवेशकों को आमंत्रित करने के लिए चौथी ग्राउंड बे्रकिंग सेरेमनी देवघर में की जा रही है।
महज छह माह के अंतराल में किये गये दूसरे ग्राउंड बे्रकिंग में झारखंड सरकार को बड़ी सफलता मिली, जब रांची में ओरियेंट क्राफ्ट का उद्घाटन केंद्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति इरानी ने किया। एक बारगी 900 लोगों को छह माह के भीतर रोजगार मिला। इसके बाद सरकार ने तीसरा ग्राउंड ब्रेकिंग बोकारो में किया। जिसमें देश- विदेश के कई नामी कंपनियों ने एमओयू किया।
रोजगारोन्मुखी उद्योग को बढ़ावा दे रही है सरकार: मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव और उद्योग सचिव सुनील कुमार वर्णवाल ने सूचना भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि सरकार रोजगारोन्मुखी उद्योग को बढ़ावा दे रही है। देवघर में 27 अप्रैल को होने वाली ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी में भी अधिकांश संथाल में निवेश करने वाले उद्योग को प्राथमिकता दी जा रही है। साथ ही सरकार का यह प्रयास है कि इस क्षेत्र में वैसे उद्योगों को लगाया जाये, जिसमें स्थानीय लोगों को ज्यादा से ज्यादा रोजगार मिले। यही वजह है कि फूड प्रोसेसिंग, टेक्सटाइल सहित ऐसे उद्योग, जिसमें स्थानीय लोगों को ज्यादा रोजगार मिले, उसके साथ सरकार एमओयू कर रही है। सुनील वर्णवाल ने बताया कि संथाल में होनेवाले 151 एमओयू में से 26 परियोजनाएं संथाल में लगेंगी।