कांग्रेस का नया चुनावी नारा ‘अब होगा न्याय’

एजेंसी
नयी दिल्ली। कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव 2019 के लिए अपना चुनावी नारा जारी कर दिया है। इसको कांग्रेस ने ‘अब होगा न्याय’ नाम दिया है। कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने कहा कि कांग्रेस का प्रचार अभियान ‘न्याय’ के इर्द-गिर्द रहेगा। उन्होंने कहा कि यह शब्द सभी के साथ न्याय का वादा करता है। कांग्रेस के प्रचार अभियान का थीम गीत जावेद अख्तर ने लिखा है और वीडियो निखिल आडवाणी ने फिल्माई है।
बता दें कि कांग्रेस के चुनावी गीत पर चुनाव आयोग ने आपत्ति जतायी थी। चुनाव आयोग की आपत्ति के बाद कांग्रेस ने अपने चुनाव अभियान गीत से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आपत्तिजनक लाइनें हटा दीं। दिल्ली में चुनाव आयोग की मीडिया प्रमाणन और निगरानी समिति (एमसीएमसी) की टीम ने कांग्रेस को लाइनें हटाने के लिए कहा था। कांग्रेस सूत्रों के अनुसार यह गीत पार्टी की ‘न्याय’ योजना को दर्शाने के लिए बनाया गया है। गीत में जरूरी बदलाव कर दिये गये हैं। बता दें कि कांग्रेस पार्टी की ओर से पीएम मोदी पर तीखा हमला बोलते हुए इस गाने में मोदी सरकार के कार्यकाल और सरकार की नीतियों पर टिप्पणी की गयी थी। चुनाव आयोग ने इस गाने के एक अंतरे को खासा आपत्तिजनक पाया, जिसके बाद उसमें बदलाव के लिए कहा गया। कांग्रेस ने चुनाव आयोग द्वारा जतायी गयी आपत्ति के अनुसार सुधार कर उसे दोबारा एमसीएमसी के पास भेजा। उसके बाद आयोग ने इस चुनाव अभियान प्रचार गीत को हरी झंडी दे दी है।

भाजपा की चुनावी थीम होगी ‘फिर एक बार मोदी सरकार’

हमें एक कप्तान वाली सरकार चाहिए, या फिर 11 सदस्यों वाली टीम चाहिए जिसके 40 कप्तान हों: जेटली

एजेंसी
नयी दिल्ली। अरुण जेटली ने रविवार को कहा कि भाजपा के चुनाव अभियान की मुख्य थीम होगी ‘फिर एक बार मोदी सरकार’। उन्होंने कहा कि देश को तय करना है कि उसे केंद्र में कमजोेर सरकार चाहिए या फिर फैसले ले सकने वाली बहुमत की सरकार। जेटली ने कहा कि यह जनता तय करेगी कि उसे एक कप्तान वाली सरकार चाहिए, या फिर 11 सदस्यों वाली टीम चाहिए, जिसके 40 कप्तान हों। भाजपा के चुनाव अभियान की तीन थीम होंगी। उन्होंने कहा कि चुनाव अभियान में तीन बातें बतायी जायेंगी, पहली- काम करने वाली सरकार, दूसरी- ईमानदार सरकार और तीसरी- फैसले लेने वाली सरकार।
भाजपा ने चुनाव अभियान का थीम सांग भी लांच किया। जेटली ने कहा, कई क्षेत्रीय दलों की मंशा है कि वे केंद्र में जायें। अब जनता को तय करना है कि कमजोर केंद्र सरकार चुननी है कि फैसला ले सकने में सक्षम बहुमत वाले दल का प्रधानमंत्री चाहिए। भाजपा ने नारा दिया है कि ‘एक बार फिर मोदी सरकार’। हमारी प्राथमिकता के दो केंद्र हैं। पहला गरीब और दूसरा है देश का बढ़ता हुआ मध्यम वर्ग और नया मध्यम वर्ग। गरीब आदमी भी नये मध्यम वर्ग तक पहुंचने की क्षमता रखता है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version