नई दिल्ली: कप्तान रोहित शर्मा (67) की तूफानी फिफ्टी के बाद गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत मुंबई इंडियंस (MI) ने चेन्नै सुपर किंग्स (CSK) को 46 रनों से हरा दिया। मुंबई इंडियंस ने पहले बैटिंग करते हुए 4 विकेट पर 155 रनों का स्कोर खड़ा किया था। जवाब में चेन्नै की टीम लसिथ मलिंगा (37/4) की घातक गेंदबाजी के आगे असहाय नजर आई और 17.4 ओवर में सभी विकेट गंवाकर 109 रन ही बना सकी। इस जीत के साथ ही मुंबई प्ले ऑफ के लिए क्वॉलिफाइ करने के और भी करीब हो गई है। 11 मैचों में उसके 14 पॉइंट्स हैं और वह अंक तालिका में चेन्नै (16) के बाद दूसरे नंबर पर पहुंच गई है। चेन्नै की चेपक के मैदान पर यह सात जीत के बाद पहली हार है।

मुंबई इंडियंस की पारी का रोमांच
इससे पहले ‘मैन ऑफ द मैच’ रोहित शर्मा ने आईपीएल के वर्तमान सत्र में अपना पहला अर्धशतक जमाया लेकिन चेन्नै सुपर किंग्स ने इसके बावजूद अपनी कसी हुई गेंदबाजी के दम पर मुंबई इंडियंस को शुक्रवार को यहां चार विकेट पर 155 रन ही बनाने दिए। रोहित ने 48 गेंदों पर छह चौकों और तीन छक्के की मदद से 67 रन बनाए। इस बीच लुइस (32) के साथ तीसरे विकेट के लिए 75 रन जोड़े, लेकिन चेन्नै के गेंदबाजों विशेषकर स्पिनरों ने बल्लेबाजों को खुलकर नहीं खेलने दिया। बाएं हाथ के स्पिनर मिशेल सैंटनर मुंबई के सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने चार ओवर में 13 रन देकर दो विकेट लिए। इमरान ताहिर और दीपक चाहर ने एक-एक विकेट लिया।

धोनी-जडेजा नहीं खेले
महेंद्र सिंह धोनी बुखार के कारण दूसरे मैच में नहीं खेल पाए, जबकि रविंद्र जडेजा 2012 में चेन्नै से जुड़ने के बाद पहली बार मैदान पर नहीं उतरे। स्वाभाविक था कि सुरेश रैना की अगुवाई में टीम कुछ नए स्वरूप के साथ खेल रही थी। रैना ने चेन्नै के टॉस जीतने के क्रम को बरकरार रखा और दीपक चाहर ने तीसरे ओवर में क्विंटन डि कॉक (15) को विकेटकीपर अंबाती रायुडू के हाथों कैच कराकर मुंबई को शुरू में ही करारा झटका दिया, लेकिन इसके बाद चेन्नै को अगले विकेट के लिए 13वें ओवर तक इंतजार करना पड़ा।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version