रांची। शाम के 5.30 बजे हैं। रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से लेकर हिनू चौक तक भीड़ बढ़ती ही जा रही है। मोदी का क्रेज कुछ ऐसा है कि क्या बच्चे, क्या बूढ़े और क्या महिलाएं, सभी अपने हाथ में मोबाइल लेकर सड़क के किनारे खड़े इंतजार कर रहे हैं। इसी बीच 5.45 बजे सीएम का काफिला एयरपोर्ट पहुंचता है। इससे पहले मंगल पांडेय, संजय सेठ, सीपी सिंह, परमा सिंह पहुंच चुके हैं। हर तरफ भगवा झंडा लहरा रहा है। चेहरे पर मुखौटा लगाये लोग मोदी…मोदी कर रहे हैं। इसी बीच राष्टÑभक्ति गीत और भारत माता की जय के जयकारे भी लगने शुरू हो जाते हैं। तब तक सूचना मिलती है कि प्रधानमंत्री मोदी चंद मिनटों में पहुंचेंगे। इसके बाद भीड़ का जोश और उत्साह देखते बनता है।
6.15 बजे हैं। प्रधानमंत्री का प्लेन लैंड कर रहा है। सबकी निगाहें आसमान की ओर टिक जाती हैं। इसके 15 मिनट बाद मोदी एयरपोर्ट से बाहर आते ही खुली जीप पर सवार हो जाते हैं। आगे-आगे सीएम और मंगल पांडेय पैदल ही चल पड़ते हैं। इसके बाद पीएम का रोड शो शुरू हो जाता है। काले रंग की रेंजरोवर गाड़ी में मोदी सफेद कुर्ते में जैसे ही आगे बढ़ते हैं मोदी-मोदी के नारे के अलावा शायद ही किसी को कुछ सुनाई दे रहा है। अपनी गाड़ी के रूफटॉप से मोदी आधा शरीर निकाले, लोगों का अभिनंदन स्वीकार कर रहे है। साथ ही हाथ हिला कर लोगों की आंखों में आंखें डालने की कोशिश कर मानो मोदी अपनी जीत सुनिश्चित कर रहे हैं। मोदी को देखने आये लोगों में गजब का जोश दिख रहा है। चुनाव नतीजों से इस रोड शो को जोड़ कर ना देखा जाये तो साफ तौर से कहा जा सकता है कि मोदी की लहर अब भी बाकी जरूर है।
अनुमान से ज्यादा आयी भीड़
7.06 बजे हैं। हिनू चौक पर लोगों की ठसाठस भीड़ है। एयरपोर्ट रोड का एक साइड पूरी तरह से भर गया है। दूसरी तरफ मोदी का रोड शो हो रहा है। हिनू चौक पर लोगों ने पुष्प वर्षा कर मोदी की आगवानी की। मोदी भी चेहरे पर मंद-मंद मुस्कान लिये हाथ हिलाते हुए आगे बढ़ते हैं। तभी उनकी नजर कमला स्वीट्स की बिल्डिंग पर जाती है। इस भवन के आसपास की सभी बिल्डिंगों पर लोगों की भारी भीड़ है। मोदी ने उनकी तरफ भी हाथ उठाकर अभिवादन किया। बस फिर क्या था, मानो लोगों के मन की मुराद पूरी हो गयी हो। सब चिल्लाने लगते हैं, मोदी…मोदी। भारत माता की जय और वंदे मातरम।
साढ़े सात बज रहे हैं। धीरे-धीरे मोदी का रोड शो समापन की ओर आगे बढ़ रहा है। पीछे छूट चुकी भीड़ भी मोदी की एक झलक पाने को लेकर आगे लपकती है। यहां हर तरफ लोग ही लोग दिखाई पड़ रहे हैं। तभी मोदी अभिवादन के साथ ही भगवान बिरसा को नमन करने के लिए गाड़ी से उतरते हैं। भगवान बिरसा पर पुष्प चढ़ा कर और हाथ जोड़ कर नमन करते हैं। इधर, भीड़ मोदी की झलक को लेकर उतावली हुई जा रही है। मोदी भी भीड़ के मन को भांपते हुए हाथ हिलाते हैं। आगे भी बढ़ते हैं। इनके साथ सीएम भी आगे बढ़ते हैं। तब तक पीएम मोदी की गाड़ी नहीं पहुंच पायी है। इसके बाद वह पैदल ही आगे लपकते हैं। एसपीजी समेत तमाम सुरक्षाकर्मी अलर्ट हो जाते हैं। चंद सेकेंड में ही मोदी की गाड़ी पहुंचती है। इसके बाद वह एक बार फिर लोगों का अभिवादन करते हुए गाड़ी में बैठ जाते हैं। इनके पीछे की गाड़ी में सीएम रघुवर दास भी चल पड़ते हैं। तीन दर्जन से अधिक गाड़ियां देखते ही देखते सरपट राजभवन की ओर दौड़ने लगती है। इधर, 8.05 बजे पीएम का काफिला राजभवन में प्रवेश कर जाता है।
Previous Articleसभी के मन में गांठें, फिर भी बनाया महागठबंधन: राजनाथ सिंह
Next Article 15 राज्यों की 116 सीटों पर 63 फीसदी वोटिंग