आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। राज्य के नये मुख्य सचिव सुखदेव सिंह ने बुधवार को प्रभार ग्रहण किया। भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी सुखदेव सिंह ने झारखंड के 23वें मुख्य सचिव के रूप में झारखंड मंत्रालय में पदभार ग्रहण किया। दूसरी ओर अपर मुख्य सचिव इंदु शेखर चतुर्वेदी से वन विभाग का प्रभार वापस लिया गया। चतुर्वेदी 1987 बैच के सबसे सीनियर आइएएस अधिकारी हैं और नये मुख्य सचिव से वरीयता सूची में ऊपर भी हैं। ऐसे में उन्हें ऐसे किसी विभाग में नहीं रखा जा सकता है, जिसकी रिपोर्टिंग सीधे मुख्य सचिव के पास हो। अब चतुर्वेदी राजस्व परिषद के कार्यों को ही देखेंगे।
इमानदार छवि के लिए जाने जाते हैं सुखदेव सिंह
आइएएस अधिकारी सुखदेव सिंह हरियाणा में जन्मे 1987 बैच के आइएएस अधिकारी हैं। इनकी छवि एक इमानदार अधिकारी की रही है और अपने लंबे कार्यकाल में इन्होंने कमोवेश सभी विभागों में काम किया है। 1989 से 1991 तक इनकी पोस्टिंग एसडीओ के रूप में रही और इसके बाद 1991 से 1993 तक डीडीसी रहे। सुखदेव सिंह को पहली बार उपायुक्त का प्रभार देवघर में मिला, जिसके बाद बोकारो, गिरिडीह, रांची जैसे जिलों में भी उन्होंने उपायुक्त का प्रभार संभाला। सुखदेव सिंह सरकार के तमाम विभागों से लेकर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव तक का दायित्व संभाल चुके हैं। यह उन चंद अफसरों में शामिल हैं, जिनसे कोई भी विभाग अछूता नहीं रहा है। बिहार कैडर से अपनी सेवा शुरू करने के बाद जिन चार जिलों में उन्हें उपायुक्त का जिम्मा मिला, वे सभी झारखंड के थे। इतना ही नहीं, जब अलग राज्य का गठन हुआ, तो 11 महीनों तक वे राजधानी रांची के उपायुक्त रहे। बेबाक छवि के सुखदेव सिंह 2018 में मुख्य सचिव कैडर के अधिकारी बने और अब उन्हें सीएस का जिम्मा मिला है। पदभार ग्रहण करने पर बहुत सारे लोगों ने उन्हें बधाई दी है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version