- बोकारो की तेलो बस्ती की है महिला, बांग्लादेश से लौटी थी
झारखंड में कोरोना संक्रमित तीसरा मरीज मिला है। यह मरीज एक महिला है, जो बोकारो के चंद्रपुरा की तेलो बस्ती की रहनेवाली है। बोकारो के उपायुक्त मुकेश कुमार ने इस महिला के संक्रमित होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि उक्त महिला एक पखवाड़े पहले बांग्लादेश से लौटी थी। उसके बाद से उसे होम क्वारेंटाइन में रखा गया था। बाद में उसे जिला क्वारेंटाइन सेंटर में शिफ्ट किया गया था। वहां से उसके सैंपल को जांच के लिए रिम्स भेजा गया था। रिम्स ने उसके कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि कर दी है। अब उस महिला को बोकारो जेनरल हॉस्पिटल के आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट किया जा रहा है। बांग्लादेश से लौटने के बाद वह महिला जिन लोगों के संपर्क में आयी, उनका पता लगाया जा रहा है। उसके घर के आसपास के घरों को क्वारेंटाइन कर दिया गया है।
इससे पहले झारखंड में दो कोरोना संक्रमित मरीज मिल चुके हैं। रांची के हिंदपीढ़ी से मलेशिया की एक महिला राज्य की पहली कोरोना संक्रमित मरीज है। उसे 31 मार्च को रिम्स के आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। दूसरा मरीज हजारीबाग के विष्णुगढ़ का है। वह आसनसोल से लौटने के बाद बीमार पड़ा। कोरोना पॉजिटिव पाये जाने के बाद उसे हजारीबाग मेडिकल कॉलेज अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है।