आजाद सिपाही संवाददाता
नयी दिल्ली। देश में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों पर सियासत भी तेज हो गयी है। कांग्रेस ने जहां संक्रमण को रोकने में विफलता और गलत नीतियों का आरोप लगाते हुए मोदी सरकार को घेरा है, वहीं भाजपा ने इस पर पलटवार किया है।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी द्वारा दिये गये इंटरव्यू के बाद भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने बुधवार को कहा कि देश इस वक्त कोरोना महामारी से जूझ रहा है। ऐसे समय में राजनीति नहीं होनी चाहिए, लेकिन कांग्रेस पार्टी, खासकर गांधी परिवार राजनीति कर रही है।
प्रियंका गांधी इंटरव्यू देकर अपनी राजनीति चमका रही हैं, तो राहुल गांधी ट्वीट के जरिये सरकार की आलोचना कर रहे हैं। यह सब कुछ देश को दिख रहा है। गांधी परिवार के घमंड को भी लोग देख रहे हैं।  पात्रा ने कहा कि कोरोना की दूसरी लहर को काबू में करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र को संबोधित किया था। केंद्र राज्यों के साथ तालमेल बैठाने में जुटा हुआ है, लेकिन गांधी परिवार इस पर राजनीति कर रहा है।

प्रियंका गांधी ने केंद्र को घेरा
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कोरोना की दूसरी लहर के लिए केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि देश इस समय महामारी से जूझ रहा है। यह राजनीति करने का वक्त नहीं है। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने जो सुझाव दिया है, उस पर काम करने की जरूरत है। लेकिन उनके सुझाव को भी अनसुना कर दिया गया। प्रिंयका गांधी ने कहा कि देश को वैक्सीन की जरूरत थी, तो सरकार ने छह करोड़ वैक्सीन अन्य देशों के हाथों बेच दिया और आज यहां लोग टीकाकरण के लिए परेशान हो रहे हैं। इससे पहले पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री पी चिदंबरम भी इस मुद्दे को लेकर मोदी सरकार पर हमला बोल चुके हैं। उन्होंने कहा कि केेंद्र ने राज्यों को उनके हाल पर छोड़ दिया है। कोवीशील्ड केंद्र को 150 रुपये में दी जा रही है, तो राज्यों को 400 रुपये में क्यों!

पीएम के संबोधन पर विपक्षी दलों का हमला
बताते चलें कि देश में कोरोना संक्रमण की रफ्तार तेजी से बढ़ रही है। बीते 24 घंटे में ढाई लाख नये केस सामने आये हैं। हालात बिगड़ते देख पीएम मोदी ने मंगलवार की रात देश को संबोधित किया था। इस दौरान उन्होंने राज्यों से लॉकडाउन को अंतिम विकल्प के तौर पर इस्तेमाल करने का आग्रह किया था। साथ ही केंद्र की ओर से आॅक्सीजन की कमी दूर करने का आश्वासन दिया था। पीएम मोदी के भाषण के बाद विपक्षी दलों ने इसकी तीखी आलोचना की। कांग्रेस के कई नेताओं ने पीएम मोदी के भाषण की निंदा करते हुए कहा कि देश को इस वक्त आॅक्सीजन की जरूरत है, ना कि भाषण की।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version