रांची। झारखंड में स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता के वायरल वीडियो से हड़कंप है। यहां तक कि वायरल वीडियो में जिस महिला के होने की बात कही जा रही है, उसने एक वीडियो के जरिए कहा है कि वायरल वीडियो में उसके फोटो को एडिट कर वीडियो में डाला गया है। इस बात में कितनी सच्चाई है, यह जांच का विषय है। इधर, कांग्रेस बिना किसी जांच के महिला के बयान के आधार पर बन्ना गुप्ता के बचाव में खड़ा होने की कोशिश कर रही है। कांग्रेस आगे बन्ना गुप्ता पर क्या फैसला लेती है, यह देखनेवाली बात होगी। इधर, झारखंड के राजनीतिक चाणक्य कहे जानेवाले पूर्व मंत्री सरयू राय अपने बयानों से सभी को चौंका रहे हैं। वह खुल कर बन्ना गुप्ता के खिलाफ कार्रवाई की मांग सीएम से कर रहे हैं।
पूर्व मंत्री सरयू राय ने मीडिया को दिये अपने इंटरव्यू में कई चौंकानेवाले खुलासे किये हैं। वह कह रहे हैं कि मेरी जानकारी के हिसाब से वीडियो करीब 3 या 3.30 मिनट का है। उसका एक ही अंश, जो 21 सेकेंड का है, वह रिलीज किया गया है। मैं चाहता हूं कि जिसने भी ये रिलीज किया है, वह पूरा हिस्सा रिलीज कर दे। दूसरी बात कि शहर में बात फैल गयी है कि ये कौन महिला थी, जिससे बन्ना गुप्ता बात कर रहे थे। वह महिला इस शहर के एक बाबा फर्नीचर नाम की दुकान में काम करती है। वीडियो में एक क्षण के लिए उस महिला की जो तस्वीर दिखायी पड़ी है, उसकी तस्वीर महिला से मिलती-जुलती है। मैं जिला के एसएसपी से मांग करता हूं कि उस लड़की का पता करायें। जो लोग भी उस लड़की के निवास पर गये हैं, उन्होंने पाया है कि आवास पर ताला लगा हुआ है। लड़की गायब हो गयी है, या लड़की को गायब कराया गया है, या उस लड़की के साथ कोई हादसा हो सकता है, ऐसी मेरी आशंका है। एसएसपी साहब आप उस लड़की को बरामद कीजिए और उसे सुरक्षा दीजिए। वीडियो में जो बातें हो रही हैं, उसमें कहीं से कोई छेड़-छाड़ नहीं है। सिंपल स्क्रीन रिकॉर्डिंग है। इसमें कोई संदेह नहीं है कि बन्ना गुप्ता ही उस लड़की से बात कर रहे थे। बातचीत के अंदाज से पता चलता है कि पहले से बन्ना गुप्ता के इस लड़की के साथ संबंध थे। बन्ना गुप्ता के संबंध बातचीत तक ही है, दोस्ताना है, हसी मजाक के हैं या इससे आगे है, इस पर किसी तरह की प्रतिक्रिया देना उचित नहीं होगा।