– पूर्व कप्तान ने 38 करोड़ रुपये एडवांस टैक्स चुकाया
-रिटायरमेंट के बाद भी आमदनी में नहीं पड़ा है असर
आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। भारतीय क्रिकेट के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी एक बार फिर झारखंड के व्यक्तिगत करदाताओं में नंबर-1 पर रहे हैं। इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कहने के बाद भी धोनी की सालाना आय पर कोई असर नहीं पड़ा है। बीते वित्तीय वर्ष के बराबर ही उन्होंने इस साल भी एडवांस टैक्स जमा किया है। धोनी ने वित्तीय वर्ष 2021-22 में अपनी आमदनी पर टैक्स के रूप में कुल 38 करोड़ रुपये का भुगतान किया था। हलांकि उन्होंने उस वर्ष एडवांस टैक्स के रूप में 30 करोड़ रुपये के आसपास की रकम जमा की थी। वहीं, वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए 31 मार्च तक उन्होंने एडवांस टैक्स के रूप में 38 करोड़ रुपये का भुगतान किया है। इसलिए इस वर्ष आमदनी थोड़ी-बहुत बढ़ने की ही उम्मीद जतायी जा रही है।
130 करोड़ के आसापस कमाई की उम्मीद:
विशेषज्ञों के मुताबिक धोनी की ओर से जमा कराये गये 38 करोड़ के एडवांस टैक्स के आधार पर वर्ष 2022-23 में उनकी आय लगभग 130 करोड़ के आसपास रहने की उम्मीद है। आयकर विभाग के आंकड़ों के मुताबिक धोनी ने जबसे इंटरनेशनल क्रिकेट के करियर की शुरूआत की, तभी से लगातार झारखंड में व्यक्तिगत श्रेणी में सबसे बड़े आयकर दाता हैं। वर्ष 2019-20 में उन्होंने 28 करोड़ और इसके पहले 2018-19 में भी लगभग इतनी ही राशि आयकर के तौर पर चुकायी थी। इसके पहले उन्होंने 2017-18 में 12.17 करोड़ और 2016-17 में 10.93 करोड़ का इनकम टैक्स चुकाया था।
कई माध्यम से पैसे कमाते हैं धोनी:
धोनी कई माध्यम से पैसे कमाते हैं। टीम इंडिया के पूर्व कप्तान के तौर पर उनकी ब्रांड वैल्यू है, यही वजह है कि वह कई उत्पादों के प्रचार करते हैं। धोनी की अपनी एंटरटेनमेंट कंपनी भी है, जिसके जरिये वह कमाई करते हैं। क्रिकेट कोचिंग के लिए बनायी गयी कंपनी भी उनके पास है। सूत्रों के मुताबिक आयकर रिटर्न में दिखायी गयी आय के अनुसार उन्होंने अलग-अलग जगहों से अपनी आय को दिखाया है। आइपीएल में उनका सफर आज भी जारी है। स्पोर्ट्स वेयर, होम इंटीरियर की कंपनी होमलेन, पुरानी कारों की खरीद-बिक्री करनेवाली कंपनी कार्स 24, स्टार्टअप कंपनी खाताबुक, बाइक रेसिंग कंपनी, स्पोर्ट्स कंपनी रन एडम, और आॅर्गेनिक फार्मिंग के अलावा उन्होंने कई कंपनियों में निवेश कर रखा है। रांची में वह लगभग 43 एकड़ भूमि में आॅर्गेनिक फार्मिंग करवाते हैं।