जमशेदपुर। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता का कथित अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। वीडियो में जो महिला नजर आ रही है, उसने एक और वीडियो जारी किया है। इस वीडियो में महिला कह रही है कि वह बन्ना गुप्ता को जानती तक नहीं है।
वीडियो में दिख रही महिला ने क्या कहा
महिला की तरफ से जारी किये गये इस वीडियो में महिला ने कहा, मैं नौकरी करती हूं। मेरे तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं। सोशल मीडिया पर इन दिनों वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें मेरी फोटा एडिट की गयी है। मैं मंत्री बन्ना गुप्ता को जानती तक नहीं हूं। फोटो, वीडियो वाइस कॉल चैट मैं अपने पति के साथ करती थी। वही सब कुछ एडिट है, इसमें बड़ी साजिश हैं। मेरा फोटो गलत इस्तेमाल किया गया है। मैं कभी बन्ना गुप्ता से मिली भी नहीं हूं। मेरे घरवालों का बुरा हाल है। मेरे घरवाले सदमा झेल नहीं पा रहे। मैं सभी से अपील करती हूं, इन सारे वीडियो को सोशल मीडिया से हटाया जाये। जिसने भी यह बड़ी साजिश की है, मैं प्रशासन से उम्मीद करती हूं कि वह सामने आये।
भाजपा साध रही है निशाना
इस मामले में झारखंड की राजनीति तेज है। सांसद निशिकांत दुबे के साथ निर्दलीय विधायक सरयू राय भी कूद पड़े हैं। सरयू राय ने ट्वीट कर लिखा है, मंत्री बन्ना गुप्ता के साथ अश्लील चैट करनेवाली महिला के बिरसा नगर जोन 11 का गेट शाम 4 बजे खुला। 5 बजे वह अन्य तीन महिलाओं के साथ ह्वाइट वैगन-आर कार से कहीं निकल गयी। कार उस फर्नीचर हाउस का ड्राइवर छोटू चला रहा था, जिसमें वह काम करती है। पुलिस सक्रिय रहती, तो वह युवती पकड़ में आ जाती।
वीडियो पर क्या बोले बन्ना गुप्ता
बन्ना गुप्ता ने भी इस वीडियो को एडिटेड बताते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की अपील की है। स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने इस पूरे मामले पर सफाई देते हुए कहा, जो महिलाएं मेरे पास किसी काम को लेकर आती हैं, उनसे ही मेरे व्यवहार के संबंध में पूछा जा सकता है। मेरा व्यवहार उनके प्रति एक मंत्री जैसा होता है या भाई जैसा है। विरोधी निचले स्तर तक जा चुके हैं।
बन्ना पर हो सकती है कार्रवाई
झारखंड कांग्रेस के प्रभारी अविनाश पांडेय ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी आलाकमान को दे दी है। वहीं, जमशेदपुर पुलिस ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है। चर्चा है कि पार्टी बन्ना गुप्ता के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर सकती है। कांग्रेस पार्टी झारखंड सरकार के मुखिया के भी संपर्क में है।