-चुनावी सभा में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बिगड़े बोल
-भाजपा ने कांग्रेस पर साधा निशाना
-विवाद बढ़ा, तो खड़गे ने दी सफाई
आजाद सिपाही संवाददाता
बेंगलुरू। कर्नाटक की एक चुनावी सभा में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बोल बिगड़ गये। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी जहरीले सांप की तरह हैं। आप सोच सकते हैं कि यह जहर है या नहीं, लेकिन यदि आप उसे चखेंगे, तो आपकी मौत हो जायेगी। खड़गे गुरुवार को कर्नाटक के कलबुर्गी में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। इस बयान के बाद भाजपा ने कांग्रेस पर निशाना साधा। बाद में विवाद बढ़ा, तो खड़गे ने सफाई दी।
कर्नाटक विधानसभा चुनाव में जुबानी जंग तेज है। खड़गे ने एक ओर जहां प्रधानमंत्री को जहरीला सांप कहा, वहीं रोन में हुई सभा में उन्होंने कहा कि भ्रष्ट भाजपा सरकार राज्य को लूट रही है। यहां हर काम के लिए 40 फीसदी कमीशन वसूला जाता है। भाजपा की सरकार उन लोगों को देश से भगाने में मदद करती है, जिन पर घोटालों का आरोप लगा होता है। पीएम खुद भ्रष्ट लोगों को बचाने में लगे हैं।
पीएम पर की गयी टिप्पणी पर विवाद बढ़ने के बाद खड़गे ने सफाई देते हुए कहा कि मैंने यह उनके (पीएम मोदी) बारे में नहीं कहा है। मैं कहना चाह रहा था कि उनकी विचारधारा सांप की तरह है, जिसे चाटने की कोशिश करेंगे, तो मौत होनी तय है। इस मुद्दे पर भाजपा ने कांग्रेस को घेरा। कर्नाटक के मुख्यमंत्री बासवराज बोम्मई ने कहा कि खड़गे के मन में जहर है। यह पीएम मोदी और भाजपा के प्रति पूर्वाग्रह से ग्रसित दिमाग है। यह सोच हताशा के कारण आती है, क्योंकि वह पीएम से राजनीतिक रूप से लड़ने में असमर्थ हैं। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने मल्लिकार्जुन खड़गे को पार्टी अध्यक्ष बनाया, लेकिन कोई भी उन्हें अध्यक्ष नहीं मानता। इसीलिए उन्होंने ऐसा बयान देने के बारे में सोचा। पीएम मोदी को लेकर दिया गया खड़गे का बयान सोनिया गांधी के बयान से भी बदतर है।
उधर, इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कर्नाटक के 50 लाख भाजपा कार्यकर्ताओं को वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का मतलब है झूठी गारंटी। कांग्रेस का मतलब है भ्रष्टाचार की गारंटी। इस मुद्दे पर कांग्रेस प्रधानमंत्री को घेरने की कोशिश कर रही है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पूछा कि क्या पीएम मोदी के पास यह साबित करने के लिए कोई डेटा है कि कांग्रेस के वादे पूरे नहीं हुए। वहीं, कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने ट्वीट कर कहा कि 10 मई को कर्नाटक की जनता भाजपा की 40 प्रतिशत कमीशन वाली सरकार को खत्म करने की गारंटी देगी। राज्य में कांग्रेस की गारंटी लागू की जायेगी, जैसे हमने राजस्थान, छत्तीसगढ़ और हिमाचल प्रदेश में की है।
Palamu Division
Kolhan Division
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 AzadSipahi. Designed by Launching Press.



