रांची। स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने विधायक सरयू राय से कई सवाल किये हंै। इसके जवाब में श्री राय ने कहा कि मेरी पत्नी की मृत्यु 1997 में हुई। तब रांची के विधायक रहे गुलशन लाल आजमानी ने प्रेस कांफ्रेंस कर मुझ पर आरोप लगाया था कि मैंने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है। इसके बाद मैंने मानहानि का केस दायर किया। उसके बाद लोअर कोर्ट ने उन पर सजा दी। उस समय उन्होंने कहा कि मुझे माफ कीजिए। जो हुआ जाने दीजिए। मेरे पास सारे कागजात हैं। अगर बन्ना गुप्ता को सवाल का जवाब चाहिए, तो वह लिखित रूप से दें। मैं उन पर भी इसी तरह का एक नया केस दायर कर दूंगा। उन्होंने कहा कि अगर इस तरह की बात बन्ना गुप्ता छेड़ेंगे, तो मैं बिना देर किये 24 घंटे के भीतर रांची या जमशेदपुर कहीं भी मानहानि का केस दायर करूंगा। जहां तक रही बात महिला के साथ संबंध की, तो हम लोग पिछले 20 साल से एक साथ एक परिवार की तरह रहते हैं। उनके बच्चे, हमारे परिवार के लोग सभी साथ रहते हैं। हम लोग 20 साल से एक साथ रह रहे हैं। हमारा पता एक है। रांची में मैं उनके फ्लैट में ही रहता हूं।
उन्होंने डीएनए टेस्ट कराने के सवाल का जवाब देते हुए कहा कि मैं एनडी तिवारी थोड़े हूं कि डरूंगा। मैं डीएनए टेस्ट कराने के लिए तैयार हूं। बन्ना गुप्ता के पास स्वास्थ्य विभाग है। अपने लोगों को आदेश दे दें। वे मेरा डीएनए टेस्ट कर लें। और जिनके बारे में शंका है, उनका भी कर लें। उन्होंने कहा कि ये ऐसे लोग हैं, जिन्हें नारी और पुरुष के बीच का संबंध केवल देह का ही लगता है। ये नारी के शरीर से ऊपर नहीं उठ सकते हैं।