डीआईजी, डीसी और एसएसपी ने सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा
भाजपा ने 11 अप्रैल को सचिवालय का घेराव करने का कर रखा है ऐलान

रांची। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राज्य की सत्तारूढ़ हेमंत सरकार की कार्यशैली के विरोध में और भ्रष्टाचार के आरोप लगाकर 11 अप्रैल को सचिवालय का घेराव करेगी। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। भाजपा के आंदोलन को देखते हुए रांची पुलिस ने सुरक्षा की पुख्ता इंतजाम किये है।

जानकारी के अनुसार मंगलवार को भाजपा नेता और कार्यकर्ता सुबह प्रभात तारा मैदान में एकत्र होंगे और जुलूस की शक्ल में सचिवालय घेरने के लिए आगे बढ़ेंगे। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को सचिवालय की ओर कूच करने से रोकने के लिए पुलिस ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर बैरिकेडिंग की गयी है। सोमवार को डीआईजी अनुप बिरथरे, डीसी राहुल सिन्हा और एसएसपी किशोर कौशल सहित अन्य वरीय अधिकारियों ने शहर में सुरक्षा के इंतजामों का जायजा लिया। अधिकारियों ने प्रभात तारा मैदान, अलग-अलग चौक-चौराहों पर लगे बैरिकेडिंग का निरीक्षण किया।

व्यवस्थाओं को लेकर डीसी ने बताया कि विधि व्यवस्था सामान्य रखने और ट्रैफिक व्यवस्था को बनाए रखने के लिए जवानों को तैनात किया गया है। उन्हें निर्देश दिये गये हैं कि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो। सुरक्षा व्यवस्था के लिए शहर में 20 इंस्पेक्टर और 250 दरोगा के अलावा लगभग तीन हजार अतिरिक्त जवान तैनात रहेंगे। सुरक्षा व्यवस्था में कहीं किसी प्रकार की चूक ना हो, इसका भी खास ख्याल रखा गया है। उन्होंने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से मुख्यमंत्री आवास और प्रोजेक्ट बिल्डिंग पर विशेष रूप से ध्यान दिया जा रहा है। राजभवन के समीप भी अतिरिक्त पुलिस के जवानों की तैनाती की जायेगी। एहतियात के तौर पर अन्य जगहों पर भी पुलिस जवान तैनात किये जाएंगे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version