हेडर-मुख्यमंत्री ने भाजपा पर साधा निशाना
-पूर्व शिक्षा मंत्री दिवंगत जगरनाथ महतो की पहली पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि
बेरमो। मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने कहा कि भाजपा वालों की नजर हमेशा झारखंड की संपत्ति पर गिद्ध जैसी नजर रहती थी। भाजपा ने सिर्फ झूठ बोलकर जनता को ठगने का काम किया। सबसे ज्यादा भाजपा ने राज किया, लेकिन झारखंड के लोगों की स्थिति बद से बदतर होती गयी। यहां के मूलवासियों को विकास से हमेशा दूर रखा गया। हमने सबसे पहले यहां की शिक्षा को सुधारने का काम किया ताकि आदिवासी मूलवासी पढ़ेंगे तो रोजगार पायेंगे। बिना वजह के और बिना दोष साबित हुए ही हेमंत सोरेन को जेल में डाल दिया गया। हेमंत सोरेन ने आदिवासियों गरीबों को रोटी कपड़ा मकान देने का काम किया इसलिए भाजपा वालों को वो नहीं पच रहा था। भाजपा सिर्फ झूठी गारंटी देने का काम करती है। मुख्यमंत्री शनिवार को पूर्व शिक्षा मंत्री दिवंगत जगरनाथ महतो की पहली पुण्यतिथि पर आयोजित सभा में बोल रहे थे।
चंपाई ने कहा कि जगरनाथ महतो जब तक रहे, मरते दम तक लोगों के बारे में ही सोचते रहे। पारा शिक्षक, स्कूली शिक्षा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, स्थानीय नीति आदि जनहित से जुड़े हर मुद्दे को लेकर आखिरी सांस तक सोचते रहे। चंपाई ने कहा कि भाजपा की गारंटी क्या चीज की है, जनता को मालूम है। क्या जनता को ठगने की गारंटी है। पीएम आवास का पैसा झारखंड को देना बंद करा दिया। 2022 तक सबको पक्का मकान देने की गारंटी दी गयी थी लेकिन मिली क्या। हमने गरीबों को तीन कमरे का मकान अबुवा आवास देना शुरू किया।
पूर्व शिक्षा मंत्री दिवंगत जगरनाथ महतो की पहली पुण्यतिथि पर अलारगो के पास सिंगारीमोड़ स्थित बीएड कॉलेज परिसर के समाधि स्थल पर शनिवार को श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इसमें मुख्यमंत्री चंपई सोरेन, के अलवा स्व. महतो की पत्नी बेबी देवी, मंत्री बसंत सोरेन, विधायक मथुरा प्रसाद महतो, सुदीव्य कुमार सोनू के अलावा अन्य गणमान्य लोग शामिल हुए। उन्होंने जगरनाथ महतो के समाधि स्थल पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की।