रांची। सांसद निशिकांत दुबे ने दावा किया है कि बसंत सोरेन जल्द ही पार्टी छोड़ देंगे। आदर्श आचार संहिता उल्लंघन के एक मामले में दुमका के एमपी-एमएलए की विशेष अदालत में पेश होने को लेकर शनिवार को दुमका पहुंचे थे। इसी दौरान मीडिया से बातचीत में दावा किया कि वर्ष 2025 आते-आते झामुमो कई टुकड़ों में बंट जायेगा। कोई झामुमो सोरेन बनेगा, तो कोई झामुमो चंपाई तो कोई झामुमो मथुरा गुट बनायेगा। झामुमो का सिंबल भी जब्त हो जायेगा। निशिकांत ने कहा कि कल्पना सोरेन के सीएम बनने के बाद जो पहला आदमी सोरेन परिवार से निकलने वाला है, वह बसंत हैं।
निशिकांत दुबे ने कहा कि हजारीबाग में एक कंपनी है इनलैंड पावर। इसने हजारीबाग के झामुमो जिला अध्यक्ष बास्की के अकाउंट में करोड़ों रुपया जमा किया है। यह राशि बास्की द्वारा जमशेदपुर के अंजया स्टील को भेजी जा रही है। अंजया स्टील हेमंत सोरेन की बेनामी संपत्ति हो सकती है। आज नहीं तो कल, इसका खुलासा होने वाला है। यहां सिर्फ जमीन की ही लूट नहीं, बल्कि फैक्ट्री की भी लूट हुई है। संपत्ति बनायी गयी है। निशिकांत के मुताबिक सीता सोरेन झामुमो से निकल चुकी हैं। लोबिन हेंब्रम किसी भी दिन पार्टी से निकल जायेंगे और हो सकता है वे राजमहल से चुनाव लड़ें। चमरा लिंडा भी उसी राह पर चल रहे हैं। चंपाई सोरेन को सोचने का समय आ गया है।