रांची। भारतीय जनतंत्र मोर्चा के संसदीय चुनाव समिति की बैठक में केंद्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र तिवारी को रांची लोकसभा का प्रत्याशी बनाया गया है। श्री तिवारी ने संसदीय चुनाव समिति और विधायक सरयू राय का आभार जताते हुए कहा कि वर्तमान भाजपा सांसद ने पिछले पांच सालों में ऐसा एक भी काम नहीं किया है, जिसके लिए रांची की जनता दोबारा चुने। मुद्दों को संसद में ठीक तरह से उठाया तक नहीं। केवल नमो मंत्र ही जपते हैं। इधर, कांग्रेस ने भी वंशवाद परंपरा को आगे बढ़ाते हुए ऐसा प्रत्याशी दिया है, जिसको न तो यहां के लोग जानते हैं और ना ही उन्हें सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों की समझ है। बैठक में पार्टी उपाध्यक्ष पीएन सिंह, महासचिव आशीष शीतल मुंडा, सचिव सोमेन दत्ता, महासचिव निशि पांडेय सहित अन्य उपस्थित थे।