आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। एक महीने तक माह-ए-रमजान के बाद गुरुवार को राजधानी रांची समेत पूरे झारखंड में ईद मनी। इस दौरान दुआओं के लिए हाथ उठे। वहीं गले मिलकर एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी गयी। अमन-चैन और भाइचारे के साथ ईद हर्षोल्लास के साथ मनी। ईद मुस्लिम समुदाय का प्रमुख पर्व है। इस्लाम धर्म को मानने वाले माह ए रमजान में रोजा रखते हैं। पूरे एक महीने रोजा रखने के बाद उन्हें ईद का चांद का दीदार होता है। चांद देखने के बाद ही ईद मनायी जाती है। गुरुवार सुबह मसजिदों में नमाज अता करने को लेकर भीड़ रही। इसके बाद अमन-चैन और भाइचारे की दुआ मांगी गयी। नमाज के बाद मुस्लिम भाइयों ने एक-दूसरे को गले मिलकर बधाइयां दी और सेवाइयां खिलाकर ईद की मुबारकबाद दी गयी। राजधानी की सड़कों पर खासकर मुसलिम मुहल्लों में स्टॉल लगाकर लोगों के बीच सेवइयों का वितरण किया गया। दूसरे समुदाय के लोगों ने भी घर जाकर ईद की मुबारक दी। साथ ही उनकी खुशियों का हिस्सा बने।