-राजमहल से विजय हांसदा और सिंहभूम से जोबा मांझी को दिया टिकट
-झामुमो ने अब तक चार सीटों पर उम्मीदवार उतारे
रांची। लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर झामुमो ने मंगलवार को उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी। झामुमो ने राजमहल से वर्तमान सांसद विजय हांसदा को टिकट दिया है, वहीं सिंहभूम से झारखंड सरकार में पूर्व मंत्री रहीं विधायक जोबा मांझी को प्रत्याशी बनाया गया है। इससे पहले झामुमो ने दो लोकसभा सीटों दुमका व गिरिडीह पर उम्मीदवारों की घोषणा की थी। दुमका से नलिन सोरेन और गिरिडीह लोकसभा सीट से मथुरा प्रसाद महतो को उम्मीदवार बनाया गया है। इस तरह झामुमो ने अब तक चार लोकसभा सीटों पर उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर दी। झारखंड में इंडिया गठबंधन के तहत कुल 14 लोकसभा सीटों पर झामुमो, कांग्रेस, राजद व भाकपा माले द्वारा चुनाव लड़ा जा रहा है।

विजय हांसदा वर्तमान में राजमहल सीट से सांसद हैं। उनके पिता थामस हांसदा कांग्रेस के कद्दावर नेता रहे हैं, लेकिन विजय ने झामुमो की राजनीति कर रहे हैं। वह पिछले दो चुनाव से यहां से जीत दर्ज करा रहे हैं। पिछली बार उन्होंने हेमलाल मुर्मू (उस वक्त भाजपा रहे) को पराजित किया था। हेमलाल मुर्मू अब फिर से झामुमो में शामिल हो गये हैं। यहां से भाजपा ने इस बार ताला मरांडी को प्रत्याशी बनाया है।
वहीं, जोबा मांझी वर्तमान में मनोहरपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। वह हेंमत सोरेन मंत्रिमंडल में मंत्री थीं। हालांकि चंपाई सरकार में उन्हेंमंत्री नहीं बनाया गया। जोबा का राजनीतिक सफर काफी लंबा है। पति देवेंद्र मांझी की हत्या के बाद जोबा उनकी विरासत संभाल रही हैं। 1994 में पति की हत्या के बाद 1995 के विधानसभा चुनाव में जोबा माझी चुनाव लड़ी और विधायक चुनी गयी थी। इसके बाद से चार बार वह इस क्षेत्र से विधायक बनी हैं। लोकसभा चुनाव में वह भाजपा उम्मीदवार गीता कोड़ा के खिलाफ चुनाव मैदान में होंगी।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version