सभी जोड़ों को दिये उपहार
रांची। राजधानी रांची के लटमा में रविवार को महिला उत्थान संगठन की ओर से 135 गरीब कन्याओं का विवाह करवाया गया। विवाह समारोह के मुख्य अतिथि सिटी एसपी राजकुमार मेहता थे। राजकुमार मेहता की ओर से सभी 135 कन्याओं को उपहार स्वरूप एक-एक वस्त्र प्रदान किये गये।
सिटी एसपी अपने परिवार के साथ इस कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर सिटी एसपी राज कुमार मेहता ने कहा कि वे भी स्वयं कई वर्षों से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की कन्याओं का विवाह अपने खुद के खर्चे पर करवा चुके हैं। ऐसे सामाजिक कार्यों में आम लोगों को भी बढ़ चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। इस अवसर पर संगठन की अध्यक्ष रेनु सिंह ने कहा कि विगत 5 वर्षों से उनका संगठन ऐसी कमजोर वर्ग से आने वाली कन्याओं का विवाह करवा रहा है। पिछले वर्ष 251 कन्याओं का विवाह उनके संगठन की ओर से करवाया गया था। इस वर्ष 135 कन्याओं का विवाह करवाया गया है।
संगठन की ओर से सभी जोड़ों को एक-एक बक्शा, सोने और चांदी के कुछ जेवरात और घर चलाने के लिए कुछ बर्तन उपहार स्वरूप दिये जा रहे हैं। सभी जोड़ों का विवाह विधि विधान से कराया गया है। इस मौके पर रांची प्रेस क्लब के उपाध्यक्ष धर्मेंद्र गिरी, संगठन की अध्यक्ष रेणु सिंह, उपाध्यक्ष शीला देवी, रासमानी देवी, सदस्य उषा देवी, सोनी देवी, बेबी दास, रीता देवी, भैरव सिंह, राहुल कुमार, रामानुज शर्मा, दिनेश साहू, अस्विनी कुमार, नीरज कुमार, शिव उराव सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।