रांची। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने मांडर के सोसइ आश्रम में आयोजित जनसभा में कहा कि पिछले 10 साल से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के विकास के लिए काम कर रहे हैं। इन 10 वर्षों में उन्होंने जो काम किया, यह सबके सामने है। सभी वर्ग के लिए काम किया। किसी भी वर्ग को नहीं छोड़ा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहते हैं कि सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास। यह सिर्फ नारा नहीं है। उन्होंने ऐसा करके दिखाया है।
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि आने वाले दिनों में भारत को विकसित और समृद्ध भारत बनाना है। जब नरेंद्र मोदी विकसित और समृद्ध भारत की बात करते हैं, तो सभी लोगों को न्यूनतम सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात करते हैं। प्रधानमंत्री बनते ही उन्होंने इस दिशा में काम शुरू किया। घरों में शौचालय बनवाया। गैस कनेक्शन की सुविधा दी। घर-घर में बिजली पहुंचायी। अब पांच किलो मुफ्त अनाज दिया जा रहा है, ताकि गरीब भूखे नहीं रहे।
दस साल में चार करोड़ को आवास
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने 10 वर्षों में चार करोड़ से अधिक प्रधानमंत्री आवास उपलब्ध कराये गये। तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने पर तीन करोड़ से अधिक प्रधानमंत्री आवास उपलब्ध करायेंगे। किसानों के खाते में भी सालाना 6000 भेज रहे हैं। प्रधानमंत्री कहते हैं कि हर घर में नल से जल पहुंचे। इंडी गठबंधन की सरकार ने इस योजना को भी भ्रष्टाचार में खत्म कर दिया है। प्रधानमंत्री लोगों के घर की चिंता करते हैं। उनकी इज्जत की चिंता करते हैं। इस बार के चुनाव में जो हमारी चिंता करते हैं, हमें उनकी चिंता करनी चाहिए और 24 में फिर से नरेंद्र मोदी को देश का प्रधानमंत्री बनाना है।
विकास विरोधी है झारखंड सरकार
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड में झामुमो, कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल की सरकार है। ये सभी दल झारखंड विरोधी हैं। विकास विरोधी हैं। देश आजाद होने के बाद से ही झारखंड अलग राज्य की लड़ाई चल रही थी। जयपाल सिंह पहले लड़ रहे थे। कांग्रेस की सरकार ने जयपाल सिंह को भी अपनी पार्टी में मिला लिया। पैसे दिया, लेकिन झारखंड राज्य नहीं दिया। बाद में शिबू सोरेन को भी सरकार बचाने के लिए पैसा दिया और जब सीबीआइ जांच हुई तो तिहाड़ जेल भेज दिया। कांग्रेस चाहती तो बहुत पहले झारखंड अलग राज्य बन गया होता है। झारखंड अलग राज्य एनडीए सरकार की देन है। कांग्रेस के राज में झारखंड के सबसे अधिक लोग विस्थापित हुए। इसका जवाब कांग्रेस को देना चाहिए। राजनीतिक दुकान बंद हो रही है, इस कारण वे लोग दुष्प्रचार कर रहे हैं। समीर उरांव को भारी बहुमत से विजयी बनाना है।
हेमंत के संरक्षण में जमीन का खेल
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड में फर्जी कागज बना कर जमीन बेचने का काम दलालों ने किया। यह काम हेमंत सोरेन के संरक्षण में हुआ। यहां तक कि सेना की जमीन को भी नहीं छोड़ा। यही कारण है कि आज हेमंत सोरेन जेल में बंद हैं। हमने हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर इसकी जांच की बात की थी। अगर वह जांच करते तो उनको आज जेल नहीं जाना पड़ता है।
नरेंद्र मोदी ने हर वर्ग के विकास के लिए काम किया: बाबूलाल
Related Posts
Add A Comment