काठमांडू। नेपाल पर्यटन बोर्ड ने मार्च महीने में नेपाल घूमने आए पर्यटकों के आंकड़े सार्वजनिक किये हैं। मार्च माह में नेपाल घूमने आने वाले पर्यटकों में 50 प्रतिशत से अधिक भारतीय सैलानी हैं। नेपाल आने वाले पर्यटकों की संख्या हर महीने लगातार बढ़ने से पर्यटन बोर्ड काफी उत्साहित है।

नेपाल पर्यटन बोर्ड की सदस्य सचिव मिस्टिका देवकोटा ने बताया कि मार्च के महीने में नेपाल आने वाले पर्यटकों की कुल संख्या 1 लाख 28 हजार 167 रही। इनमें सर्वाधिक भारत से आने वाले पर्यटकों की संख्या 50 फीसदी रही। भारत से 65 हजार से अधिक पर्यटक विमानों के जरिए मार्च महीने में नेपाल घूमने आए। पर्यटन बोर्ड ने बताया कि खुली सीमा होने के कारण सड़क मार्ग से भारतीय नेपाल में घूमने आते हैं, जिसका कई बार रिकार्ड रख पाना मुश्किल होता है।

देवकोटा ने बताया कि दूसरे नंबर पर चीन है, जहां से 12 प्रतिशत पर्यटक आए थे। आंकड़ों के मुताबिक चीन से 12093, अमेरिका से 10773, यूके से 7241, श्रीलंका से 5741, जर्मनी से 5255, थाइलैंड से 4345, फ्रांस से 3240, म्यानमार से 3131 पर्यटक नेपाल घूमने आए हैं। जनवरी में करीब 80 हजार, फरवरी में 97 हजार पर्यटक नेपाल आए थे। नेपाल आने वाले पर्यटकों की संख्या हर महीने लगातार बढ़ने से पर्यटन बोर्ड काफी उत्साहित है। बोर्ड का कहना है कि पोखरा अन्तरराष्ट्रीय विमानस्थल और भैरहवा अन्तरराष्ट्रीय विमानस्थल के नियमित होने के बाद पर्यटकों के आगमन में भारी वृद्धि हो सकती है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version