-मॉर्निंग वॉकर्स को वोटिंग के लिए करें जागरूक
-मतदान के बाद वोटरों से लें फीडबैक
रांची। नगर निगम और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में मतदाता जागरूकता अभियान रविवार को चलाया गया। इस क्रम में रेजिडेंशियल वेलफेयर एसोसिएशन की बैठक की गयी। इसमें रेजिडेंशियल वेलफेयर एसोसिएशन के निवासियों को मतदान करने के लिए जागरूक किया गया। इसी क्रम में मतदाता संजय कुमार ठाकुर ने तीन उपयोगी सुझाव दिये। कहा कि मोरहाबादी और आसपास के स्थलों पर मॉर्निंग वॉकर्स के मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाये।
डीसी रांची राहुल कुमार सिन्हा ने कहा कि मतदान दिवस पर पेड लीव की व्यवस्था की गयी है। सभी लोग पोलिंग डे पर बूथ पर पहुंचे, इसे लेकर उन्हें जागरुक करें और ज्यादा से ज्यादा लोगोें के नाम मतदाता सूची में दर्ज करायें। मतदान से पहले संबंधित बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर मतदाता पर्ची का वितरण किया जायेगा। कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों में भी अच्छी संख्या में मतदाता बूथ तक पहुंचते हैं, लेकिन शहरी क्षेत्र में सुविधाओं और जानकारी होने के बावजूद लोग मतदान दिवस पर घरों से कम निकलते हैं। उन्होंने आरडब्ल्यूए के सदस्यों से कहा कि पोलिंग डे पर अपने परिवार और आसपास के लोगों को लेकर मतदान केंद्र तक आयें।
कार्यशाला के दौरान नगर निगम के प्रशासक अमित कुमार द्वारा भी मतदाता जागरूकता से संबंधित आवश्यक जानकारी दी गयी। बैठक में दिनेश कुमार यादव, उत्कर्ष समेत अन्य उपस्थित थे।