भागलपुर। भागलपुर के कहलगांव में मंगलवार को केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आईएनडीआई गठबंधन पर जमकर हमला बोला। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने संबोधन के दौरान कहा कि राजद के हुक्म और हुकूमत को आपने लंबे समय तक देखा है। इनकी सारी शक्ति इसी में खर्च हो जाती है। इन्होंने गांव देहात को पिछड़ा बनाकर रखा है। देश और बिहार के जनता को इन लोगों ने मूर्ख बनाकर रखा है। जो सपना बाबा भीमराव अंबेडकर और कर्पूरी ठाकुर ने देखा था। अगर उसे सचमुच कोई पूरा कर रहा है तो वह देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कर रहे हैं।

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कांग्रेस के लोग हिंदू मुसलमान को धर्म के आधार पर समाज को बांट कर अपनी सरकार बनना चाहते हैं। राजनीति केवल सरकार बनाने के लिए नहीं करनी चाहिए। राजनीति अगर करनी चाहिए तो देश बनाने के लिए करनी चाहिए। हमारी सरकार ने किसी के साथ कोई भेदभाव नहीं किया। पक्का मकान अगर मिला है तो सभी धर्म के लोगों को मिला है। किस धर्म के लोगों को राशन देना चाहिए और किस धर्म को नहीं देना चाहिए हमारी सरकार ने ऐसा नहीं किया।

विपक्ष पर निशाना साधते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि बिहार को इन लोगों ने बर्बाद किया है। खासकर राजद और कांग्रेस ने बिहार को बर्बाद किया है। सारे देशों में बिहार की चर्चा है कि वहां जंगल राज है। मुख्यमंत्री और मंत्री भारत में जेल जा रहे है। क्या यह काम भारतीय जनता पार्टी ने किया है। बिहार की जनता ने इस बार फैसला कर लिया है कि अगर किसी के साथ रहेगी तो वह भारतीय जनता पार्टी के साथ रहेगी।

उन्होंने अपने संबोधन के दौरान कहा कि राजद के लोग कहते हैं कि लालटेन जल रही है और जलती रहेगी लेकिन मैं कहता हूं कि लालटेन अब भभक रही है। उसका तेल खत्म हो गया है। जल्दी बुझ भी जायेगी। मौके पर विधायक और एनडीए गठबंधन के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version