सारे चोर परेशान, मोदी को कैसे रोकें: बाबूलाल
-बेड़ो में भाजपा का बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन आयजित
-प्रदेश अध्यक्ष कार्यक्रम में हुए शामिल
आजाद सिपाही संवाददाता
बेड़ो। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गारंटी दे रहे हैं कि देश का कोई गरीब भूखा नहीं रहेगा। नरेंद्र मोदी ने रविवार को संकल्प पत्र जारी किया है, इसमें कहा है कि 70 साल से ऊपर सभी लोगों को आयुष्मान कार्ड देंगे। आज सारे चोर परेशान हैं, मोदी जी को कैसे रोका जाये। विपक्ष कह रही है हमलोगों की दुकानदारी बंद कर देंगे। बाबूलाल सोमवार को लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र के मांडर प्रखंड के बेड़ो में आयोजित बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि इस बार 400 पार सीटें जीत कर फिर से नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना है।
हेमंत सोरेन पर साधा निशाना:
बाबूलाल ने कहा कि हेमंत सोरेन जब मुख्यमंत्री थे, नदी नाला से बालू तक नहीं छोड़ा, दिल्ली बंबई से दलाल को बुलाते हैं और बालू को लुटाते हैं। लोहा लूटा, कोयला लूटा, पत्थर लूटा। हेमंत सोरेन ने झारखंड को दलालों के हाथों सौंप दिया था। कौन सा मुख्यमंत्री है जो अपने और अपनी पत्नी के नाम से खदान लीज पर लिया हो। इसी लिये हेमंत सोरेन जेल में हैं। इंडी गठबंधन कहता है भाजपा की सरकार बनेगी, तो जमीन लूट लेगी। झारखंड बनने के 13 साल झारखंड में भाजपा की सरकार रही कोई बता दे, कहां जमीन लूटा है। बाबूलाल ने लूटा दल, अर्जुन मुंडा ने लूटा, रघुवर दास ने लूटा। बता दे किसने एक इंच भी जमीन लूटा। लूटा तो हेमंत सोरेन ने है, कांग्रेस के लोगों ने लूटा है। हेमंत सोरेन की कहां कहां जमीन नहीं है। 100 से ज्यादा डीड तो मेरा पास पड़ा है। झारखंड के हर बड़े शहरों में उनकी जमीन है। बाबूलाल मरांडी ने कहा है कि देश को लूटने वाले मोदी को रोकना चाहते हैं।
10 साल में जिताना विकास हुआ, पहले कभी नहीं:
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड राज्य की स्थापना भाजपा ने की है। पहले जयपाल सिंह मुंडा ने राज्य की मांग की, तो उन्हें कांग्रेस में शामिल करा दिया गया। शिबू सोरेन को पैसा देकर चुप करा दिया गया। प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने अलग झारखंड राज्य बनाया। देश की आजादी के बाद कांग्रेस ने 60 साल तक देश पर शासन किया, जबकि भाई नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा विगत दस साल से सत्ता में है। आज दस वर्षों में जितना विकास हुआ है, पहले कभी नहीं हुआ। भाजपा ने जम्मू कश्मीर से धारा 370, मुस्लिम महिलाओं के अधिकार के लिए तीन तलाक जैसे नियम को खत्म करने का साहसिक कार्य किया। केंद्र सरकार जल्द ही जम्मू कश्मीर को राज्य का दर्जा देने का कार्य करेगी। बाबूलाल ने कहा कि नरेंद्र मोदी संविधान को धर्मग्रंथ मानते हैं, जबकि कांग्रेस पार्टी ने सत्ता में रहते हुए 80 बार संविधान संशोधन किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ईसाई मुस्लिम विरोधी नहीं है। पिछले दस वर्षों से देश में कोई दंगा फसाद नहीं हुआ है। जबकि सभी समुदाय के लोगों को बराबर सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। बाबूलाल ने कहा कि नरेंद्र मोदी का सपना 2047 तक देश को विकसित देश बनाने का है। आप बूथ स्तर के कार्यकतार्ओं पर पूरी जिम्मेदारी लोकसभा चुनाव जिताने की है। पिछली बार बहुत कम वोट से जीत हुई थी। इस बार दस प्रतिशत वोट बढ़ाकर 56 प्रतिशत वोट भाजपा को दिलाना है। 13 मई को चुनाव है, इस बार समीर उरांव को सांसद बनाना है।