रांची। गिरफ्तारी के डर से दुष्कर्म के आरोपी बुजुर्ग (65 वर्षीय) ने जहर खा लिया। मंगलवार की देर रात रिम्स में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। पहले उसे हजारीबाग रेफर किया गया था। लेकिन बाद में उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रिम्स रेफर किया गया था, जहां उसकी मौत हो गयी। मृतक कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-26 बेलाटांड़-2 का रहने वाला था।

दो बच्चियों के साथ दुष्कर्म का लगा था आरोप
बुजुर्ग पर पांच और सात साल की दो बच्चियों से दुष्कर्म करने का आरोप था। मंगलवार को पीड़ित बच्चियों के परिजन तिलैया थाना पहुंचे थे। थाने में केस दर्ज होते ही पुलिस आरोपी को गिरफ्तार करने पहुंची।

लेकिन पुलिस के आने से पहले ही उसने गिरफ्तारी के डर से कीटनाशक खा लिया। इसके बाद उसकी हालत बिगड़ गयी। आनन-फानन में उसे कोडरमा सदर अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे हजारीबाग रेफर कर दिया। बाद में उसे रिम्स रेफर किया गया, जहां मंगलवार की देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version